Last Updated:
Dal Must Try Recipe: हाल ही में लंदन के एक इवेंट में इंडियन क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान रोहित शर्मा दाल चावल खाते नजर आए. इसका वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है. लेकिन क्या कभी आपने सोचा है ये डिश हर इंडियन्स के लिए कंफर्ट फूड क्यों है? बड़े होटलों में इसे कैसे बनाया जाता है? यहां आप इस लेख में इन सवालों के जवाब जानेंगे.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. हाल ही में वो लंदन में आयोजित की गयी इंडियन हाई कमीशन की दावत में दाल-चावल का आनंद लेते दिखे. दिलचस्प बात यह रही कि स्वादिष्ट व्यंजनों से सजी मेज के बीच उन्होंने इस साधारण लेकिन लोकप्रिय भारतीय भोजन को चुना, जो ये दर्शाता है कि दाल-चावल केवल एक डिश नहीं, बल्कि भारतीय घरों की यादों और सुकून से जुड़ा भोजन है.
इतना ही नहीं दाल चावल सदियों से भारतीयों का कंफर्ट फूड रहा है. इसका सबसे बड़ा कारण है इससे मिलने वाला पोषण. फूड एक्सपर्ट्स के अनुसार, दाल और चावल का मेल शरीर को प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है. यह भोजन पचाने में आसान होता है और लंबे समय तक ऊर्जा देने में मदद करता है. बीमारी, थकान या तनाव के समय भी दाल-चावल खाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह पेट पर हल्का होने के साथ शरीर को आराम पहुंचाता है. आइए जानते हैं इसकी स्वादिष्ट रेस्टोरेंट-स्टाइल रेसिपी.
5 स्टार दाल की रेसिपी
सामाग्री
2 बड़े चम्मच घी
1/2 कप भीगी हुई तुअर दाल
3 बड़े चम्मच भीगी हुई मूंग दाल
1 इंच अदरक (पतली कटी हुई)
स्वादानुसार नमक
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 हरी मिर्च
1½ कप पानी
तड़के के लिए सामग्री
1 बड़ा चम्मच घी
1 बड़ा चम्मच तेल
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1 इंच अदरक (बारीक कटा हुआ)
1/2 बड़ा चम्मच लहसुन (बारीक कटा हुआ)
1 मध्यम आकार का प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
स्वादानुसार नमक
विधि
- दाल बनाने के लिए कुकर में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें. इसमें आधा कप तुअर दाल और 3 बड़े चम्मच मूंग दाल डालकर 2-3 मिनट भून लें. अब अदरक, नमक, हल्दी, लाल मिर्च और हरी मिर्च डालकर मिलाएं. डेढ़ कप पानी डालें और 3 सीटी आने तक पकाएं.
- दूसरी तरफ एक पैन में घी गर्म करें. इसमें जीरा, अदरक और लहसुन भूनें. फिर बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं. इसके बाद लाल मिर्च, हल्दी और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें. अब उबली हुई दाल इसमें मिलाकर 3-4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं.
- अंत में एक और तड़का तैयार करें. इसके लिए घी में कटा लहसुन, साबुत कश्मीरी लाल मिर्च, हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर भूनें. इस तड़के को तैयार दाल पर डालें और हरे धनिये से सजाएं. अब गरमा-गरम दाल को सादे चावल के साथ परोसें. स्वाद और सेहत से भरपूर यह दाल-चावल की रेसिपी हर उम्र के लोगों को पसंद आएगी.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…
और पढ़ें