कनाडा जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एयर इंडिया 1 अगस्त 2026 से दिल्ली और टोरंटो के बीच नॉन-स्टॉप (डायरेक्ट) उड़ान शुरू करने जा रही है। अब यात्रियों को बीच रास्ते ईंधन भरवाने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे यात्रा का समय करीब 3 घंटे तक कम हो जाएगा। इसके साथ ही एयर इंडिया इस रूट पर अपनी उड़ानों की संख्या भी बढ़ाकर रोजाना कर रही है, जिससे भारत और कनाडा के बीच यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

फिलहाल एयर इंडिया दिल्ली से टोरंटो के लिए अपनी पुरानी बोइंग 777 विमान सेवा संचालित कर रही है, जिसमें ऑस्ट्रिया के वियना में ईंधन भरने के लिए रुकना पड़ता है। लेकिन 1 अगस्त से एयरलाइन इस रूट पर नया बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान उतारेगी, जिसकी लंबी दूरी तय करने की क्षमता के कारण फ्यूल स्टॉप की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यात्रा का समय होगा 3 घंटे कम

एयर इंडिया के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली से टोरंटो की यात्रा में फ्यूल स्टॉप सहित करीब 20 घंटे लगते हैं। नई सर्विस शुरू होने के बाद यह समय घटकर लगभग 17 घंटे रह जाएगा। वहीं, टोरंटो से दिल्ली की वापसी उड़ान पहले की तरह नॉन-स्टॉप रहेगी, जिसका समय करीब 16 घंटे होगा।

अब हर दिन मिलेगी दिल्ली-टोरंटो फ्लाइट

एयर इंडिया अभी इस रूट पर सप्ताह में 5 उड़ानें संचालित करती है। लेकिन 1 अगस्त से यात्रियों को रोजाना फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। कंपनी ने जून और जुलाई के दौरान बढ़ी ईंधन कीमतों और वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण इस रूट पर उड़ानों की संख्या अस्थायी रूप से कम कर दी थी, जिसे अब फिर से बढ़ाया जा रहा है।

नए ड्रीमलाइनर में मिलेंगी प्रीमियम सुविधाएं

दिल्ली-टोरंटो रूट पर तैनात होने वाला नया बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें 30 बिजनेस क्लास प्राइवेट सुइट्स, 28 प्रीमियम इकोनॉमी सीटें और 238 इकोनॉमी क्लास सीटें हैं। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा आरामदायक और प्रीमियम यात्रा एक्सपीरियंस मिलेगा।

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन ने कहा कि कंपनी अपने नए विमानों और आधुनिक केबिन सुविधाओं को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर तेजी से शामिल कर रही है। उनके मुताबिक, दिल्ली-टोरंटो रूट पर नया ड्रीमलाइनर शुरू होने से भारत और कनाडा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और उत्तर अमेरिका में एयर इंडिया की प्रीमियम सेवाओं का विस्तार भी होगा।

यह भी पढ़ें- Air India ने यात्रियों को दी राहत! अमेरिका और यूरोप की उड़ानों पर घटाया फ्यूल सरचार्ज, क्या टिकट होंगे सस्ते?





Source link

Write A Comment