यूपी के सहारनपुर में एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गंगोह थाना क्षेत्र के कुंडा बसी स्थित फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर विस्फोट की चपेट में आकर झुलस गए हैं। वहीं, कई लोगों की मौत होने की भी आशंका जताई जा रही है। 

फैक्ट्री के बाहर कई शव बिखरे पड़े 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री के बाहर कई शव बिखरे पड़े दिखाई दिए। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। धमाके के बाद के कुछ वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में देखा जा रहा है कि कई लोगों के शरीर के अंग कटकर कंपनी के बाहर दूर जा गिरे। कुछ लोगों के हाथ कटकर विखरे पड़े हैं तो कुछ के पैर शरीर से कटकर दूर जा गिरे हैं। एक शव के सिर के चिथड़े उड़ गए हैं। एक वीडियो में युवक अर्धनग्न हालात में पड़ा दिख रहा है। वीडियो बेहद दर्दनाक हैं। इसकी वजह से हम आपको वीडियो नहीं दिख सकते। 

विस्फोट के कारणों का पता नहीं

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और हताहतों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जाएगी।

रिपोर्ट- खालिद हसन, सहारनपुर

 





Source link

Write A Comment