जम्मू कश्मीर के रियासी में लगभग एक सप्ताह बाद माता वैष्णो देवी यात्रा आंशिक रूप से शुरू हो चुकी है। हालांकि, पहलगाम वाले रास्ते से अमरनाथ यात्रा अभी भी स्थगित रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले में त्रिकुट पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर के लिए तीर्थयात्रा शनिवार को आंशिक रूप से फिर से शुरू हो गई। खराब मौसम के कारण यह यात्रा करीब एक हफ्ते से स्थगित थी। बारिश के बावजूद श्राइन बोर्ड ने भूस्खलन के खतरे वाले संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती सहित व्यापक सुरक्षा उपाय किए। इसके बाद तीर्थयात्रियों को पारंपरिक मार्ग से यात्रा करने की अनुमति दे दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने के खतरे को ध्यान में रखते हुए नया मार्ग बंद रखा गया है। इसके अलावा, एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर और बैटरी कार सेवाएं भी शुरू नहीं की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और सुरक्षा आकलन के आधार पर ही शेष सेवाओं को फिर से बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा।
श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
तीर्थयात्रा फिर से शुरू होने से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए कई दिनों से कटरा आधार शिविर में इंतजार कर रहे थे। पंजाब के एक श्रद्धालु सुरंज कुमार ने कहा, “हम यात्रा फिर से शुरू होने की प्रार्थना कर रहे थे। हम खुश हैं कि बारिश के बावजूद, आखिरकार हम अपनी यात्रा शुरू कर सकते हैं। माता रानी ने हमें बुलाया है।”
19 जुलाई से फंसे हुए थे कई परिवार
हरियाणा के रहने वाले शिव कुमार ने इस फैसले पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने परिवार के साथ 19 जुलाई को कटरा पहुंचे थे, तभी उन्हें पता चला कि मूसलाधार बारिश के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा, “यात्रा स्थगित होने से हम निराश थे, लेकिन आज इसके फिर से शुरू होने से हम उम्मीद और उत्साह से भर गए हैं। अब हम पूरे विश्वास के साथ मंदिर तक पैदल यात्रा करने के लिए तैयार हैं।”
पहलगाम रास्ते अमरनाथ यात्रा अभी भी स्थगित
अधिकारियों ने कश्मीर में शनिवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के कारण मरम्मत और रखरखाव के काम के लिए पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा ‘अस्थायी’ रूप से स्थगित रहेगी। कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने यहां कहा, ”हाल की बारिश के कारण मरम्मत और रखरखाव के काम की जरूरत को देखते हुए पहलगाम मार्ग तीर्थयात्रियों के लिए कुछ समय के लिए बंद रहेगा, लेकिन श्री अमरनाथजी यात्रा बालटाल मार्ग से जारी रहेगी।”
पहलगाम मार्ग पर मरम्मत की जरूरत
अधिकारियों के अनुसार हाल की बारिश के कारण पहलगाम मार्ग पर तुरंत मरम्मत और रखरखाव संबंधी काम को पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ”यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी रहे, इसके लिए बालटाल मार्ग पर तीर्थयात्रियों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।” कश्मीर के मंडलायुक्त ने कहा कि इस साल अब तक 3.95 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं, जो यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को दर्शाता है। (पीटीआई इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें-
6 दिन बाद फिर से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, 6 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं का जत्था रवाना