भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। पहले दो मैच जीतकर टीम इंडिया पहले ही इस सीरीज को अपने नाम कर चुकी है। अब आखिरी मैच जीतकर टीम इंडिया जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा और उससे ठीक आधे घंटे पहले यानी कि शाम 4 बजे दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे।
पहले दो मैचों में टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की है। पहले मैच की बात करें तो वहां भारतीय टीम ने 126 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरे टी20 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रनों से हराया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने 220 रन का टारगेट रखा था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस सीरीज में अब तक टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। पहले मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया था। वहां उन्होंने 19 बॉल पर 50 रन की पारी खेली थी। वहीं दूसरे मैच की बात करें तो ईशान किशन ने 44 बॉल पर 81 रन की पारी खेली थी। वहीं तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन बनाए थे। अब तीसरे टी20 मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।