Bhindi Do Pyaza Recipe: हर घर की रसोई में भिंडी अक्सर बनती है, लेकिन कई बार एक जैसी सब्जी खाते-खाते उसका स्वाद फीका लगने लगता है. ऐसे में अगर उसी भिंडी को थोड़ा अलग अंदाज में बनाया जाए तो वही साधारण सब्जी खास बन सकती है. भिंडी दो प्याजा ऐसी ही एक आसान और स्वाद से भरपूर रेसिपी है, जो कम समय में तैयार हो जाती है और खाने की थाली का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. इस डिश की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें प्याज का दो अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल किया जाता है. एक प्याज मसाले में घुलकर गाढ़ा स्वाद देता है, जबकि दूसरा हल्का क्रंच बनाए रखता है.
यही वजह है कि इसका हर निवाला अलग अनुभव देता है, अगर घर में बच्चे भिंडी खाने से बचते हैं या परिवार के लोग रोज की सब्जियों से ऊब गए हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करनी चाहिए. रोटी, पराठा, पूरी या फिर सादा चावल, हर चीज के साथ इसका स्वाद शानदार लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए महंगे या अलग से सामान की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि घर में मौजूद सामान्य मसालों से ही बेहतरीन स्वाद तैयार हो जाता है.
भिंडी दो प्याजा आखिर इतनी खास क्यों है?
भिंडी दो प्याजा का नाम सुनते ही समझ में आ जाता है कि इसमें प्याज की अहम भूमिका है. इस सब्जी में एक प्याज को पतला काटकर मसाले के साथ अच्छी तरह भुना जाता है, जबकि दूसरा प्याज बड़े टुकड़ों में डालकर हल्का पकाया जाता है. इससे सब्जी में स्वाद के साथ बेहतरीन टेक्सचर भी मिलता है. सब्जी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें भिंडी चिपचिपी नहीं होती. पहले हल्का फ्राई करने से भिंडी कुरकुरी बनी रहती है और मसालों का स्वाद भी उसमें अच्छी तरह समा जाता है.
भिंडी दो प्याजा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. 250 ग्राम भिंडी
2. 2 बड़े प्याज
3. 2 टमाटर
4. 2 हरी मिर्च
5. 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
6. ½ छोटा चम्मच हल्दी
7. 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
8. 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
9. ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
10. नमक स्वादानुसार
11. 2 से 3 बड़े चम्मच तेल
12. बारीक कटा हरा धनिया
कैसे बनाएं स्वादिष्ट भिंडी दो प्याजा?
सबसे पहले तैयार करें भिंडी- भिंडी को अच्छी तरह धोने के बाद पूरी तरह सुखा लें, अगर भिंडी में पानी रह जाएगा तो पकाते समय वह चिपचिपी हो सकती है. अब कढ़ाही में तेल गर्म करें और भिंडी को 7 से 8 मिनट तक मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद अलग निकाल लें.
प्याज और मसालों का तैयार करें बेस
उसी कढ़ाही में पतले कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें. दो मिनट बाद कटे हुए टमाटर मिलाएं और तब तक पकाएं, जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे. अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें.
आखिर में डालें दूसरा प्याज
अब पहले से फ्राई की हुई भिंडी और मोटे कटे प्याज डालें. हल्के हाथ से मिलाएं ताकि भिंडी टूटे नहीं. ढककर 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
अगर आप चाहते हैं कि भिंडी बिल्कुल भी चिपचिपी न बने, तो उसे धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना न भूलें. तेज आंच की बजाय मध्यम आंच पर पकाने से भिंडी का स्वाद और रंग दोनों बेहतर रहते हैं. कुछ लोग इसमें थोड़ा अमचूर पाउडर या नींबू का रस भी डालते हैं, जिससे हल्का खट्टापन आता है और स्वाद और भी बढ़ जाता है, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मिर्च की मात्रा कम रख सकते हैं.
किन चीजों के साथ परोसें?
भिंडी दो प्याजा का स्वाद गर्मागर्म फुल्के, तंदूरी रोटी, पराठे या सादे चावल के साथ शानदार लगता है. दही, रायता, पापड़ और सलाद के साथ परोसने पर यह पूरा भोजन और भी स्वादिष्ट बन जाता है, अगर घर में मेहमान आने वाले हों तो यह सब्जी आपकी थाली की शान बढ़ा सकती है.
रोजमर्रा की रसोई के लिए शानदार विकल्प
आजकल लोग ऐसी रेसिपी पसंद करते हैं जो कम समय में बन जाए और स्वाद भी लाजवाब हो. भिंडी दो प्याजा बिल्कुल ऐसी ही डिश है. इसमें ज्यादा मेहनत नहीं लगती, लेकिन इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि एक बार खाने के बाद लोग दोबारा बनाने की फरमाइश जरूर करते हैं, अगर आप भी रोज की भिंडी से बोर हो चुके हैं, तो इस आसान रेसिपी को एक बार जरूर आजमाएं.