Last Updated:
Dough Kneading Tricks: आटा गूंथते समय हाथों में चिपचिपा आटा लगना कई लोगों को परेशान करता है. अगर आप भी इस झंझट से बचना चाहते हैं, तो पॉलीथिन, चम्मच, फूड-ग्रेड ग्लव्स और कंटेनर जैसी आसान ट्रिक्स काम आ सकती हैं.
बिना हाथ गंदे किए आटा गूंथने की आसान ट्रिक्स
Dough Kneading Tricks: आपका रोटी या पराठे बनाने का मन हो, लेकिन आटा गूंथने के नाम पर हाथ गंदे होने लगें तो हम किचन में जाने से बचने लगते हैं या इसका कोई विकल्प खोजने लगते हैं. खासकर जब आटा जरूरत से ज्यादा नरम हो जाए और उंगलियों से चिपकने लगे. फिर हाथ धोना, सिंक साफ करना और बर्तन से चिपका आटा निकालना अलग काम बन जाता है. लेकिन अब इसके लिए हर बार हाथों को आटे में डुबोने की जरूरत नहीं है. किचन में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से आटा गूंथने का काम काफी आसान किया जा सकता है.
पॉलीथिन से आटा गूंथने वाली ट्रिक भी इसी तरह की एक आसान तकनीक है, हालांकि इसे करते समय साफ-सफाई और सही सामग्री का ध्यान रखना जरूरी है.
पॉलीथिन से आटा गूंथने का तरीका
पहले आटा और पानी मिलाएं
एक बड़े बर्तन में आटा लें और धीरे-धीरे पानी डालकर चम्मच या स्पैटुला से मिलाएं. शुरुआत में पानी एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा डालना बेहतर रहता है. इससे आटा बहुत ज्यादा गीला होने से बचता है और हाथ लगाने की जरूरत भी कम पड़ती है. जब मिश्रण एक साथ आने लगे, तब साफ और फूड-ग्रेड, साफ पॉलीथिन या फूड-सेफ बैग का इस्तेमाल किया जा सकता है. आटे को बैग में रखकर बाहर से हाथों की मदद से दबाएं और मोड़ते हुए गूंथें. इससे हाथ सीधे आटे के संपर्क में नहीं आते. ध्यान रखें कि सामान्य कचरे वाली या संदिग्ध प्लास्टिक थैली का इस्तेमाल खाने के लिए न करें. फूड-सेफ सामग्री ही चुनें.
कंटेनर वाली ट्रिक भी है काम की
अगर प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो ढक्कन वाले बड़े कंटेनर का तरीका आसान है. आटा और पानी डालकर कंटेनर बंद करें और कुछ देर उसे हल्के हाथ से हिलाएं. इसके बाद ढक्कन खोलकर आटे को थोड़ा आराम दें. फिर जरूरत के अनुसार हल्का सा पानी लगाकर चम्मच या स्पैटुला से किनारे समेट सकते हैं. यह तरीका खासकर तब उपयोगी है, जब आपको एक साथ ज्यादा मात्रा में आटा तैयार करना हो.
चम्मच या स्पैटुला से करें शुरुआती काम
आटा गूंथने में सबसे ज्यादा चिपचिपाहट शुरुआती चरण में होती है. ऐसे में सीधे हाथ लगाने के बजाय मजबूत चम्मच या सिलिकॉन स्पैटुला से आटे को मिलाएं. जब आटा अपनी शक्ल पकड़ने लगे, तभी जरूरत के मुताबिक हल्का हाथ लगाएं. इससे हाथों पर चिपकने वाला आटा काफी कम हो जाता है.
हाथों में थोड़ा तेल लगाना भी मददगार
अगर पूरी तरह बिना हाथ लगाए आटा गूंथना संभव न हो, तो हथेलियों पर कुछ बूंद तेल लगाना आसान उपाय है. इससे आटा हाथों से कम चिपकता है और गूंथने के बाद हाथ साफ करना भी अपेक्षाकृत आसान रहता है. बहुत ज्यादा तेल डालने से आटे की बनावट बदल सकती है, इसलिए मात्रा कम रखें.
एक छोटी गलती बिगाड़ देती है पूरा आटा
आटा गूंथते समय पानी ज्यादा डाल देना सबसे आम गलती है. चिपचिपा आटा देखकर लोग ऊपर से लगातार सूखा आटा डालते जाते हैं. इससे अंत में रोटी सख्त हो सकती है. बेहतर है कि पानी धीरे-धीरे डालें, आटे को कुछ मिनट आराम दें और फिर उसकी नमी देखकर फैसला करें.
About the Author
कीर्ति राजपूत हिंदी डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 13 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह साल 2021 से News18 हिंदी की धर्म टीम के साथ जुड़ी हैं, जहां…
और पढ़ें