Last Updated:

Teknos Mushroom: झारखंड की तरफ बरसात के दिनों में मुश्किल से 15 दिन के लिए एक खास जंगली मशरूम बाजार में बिकने के लिए आता है जिसे ‘टेक्नोस’ या ‘क्रांच छतू’ कहते हैं. इसका स्वाद नॉनवेज खासकर कलेजी के बहुत करीब होता है. स्पेशल टेस्ट और बहुत कम समय के लिए उपलब्ध होने के कारण इसकी कीमत 1200 से 1500 रुपये प्रति किलो तक जाती है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. बारिश का मौसम आते ही झारखंड के जंगल अपनी अनमोल सौगात लोगों के लिए लेकर आते हैं. इन्हीं में से एक है ‘टेक्नोस’, जिसे कई लोग ‘क्रांच छतू’ के नाम से भी जानते हैं. यह खास तरह का जंगली मशरूम साल में सिर्फ 15 दिनों के लिए ही बाजार में दिखाई देता है. इन दिनों जमशेदपुर की सड़कों और बाजारों में इसकी बिक्री शुरू हो चुकी है. इसकी खासियत यह है कि इसका स्वाद बिल्कुल नॉनवेज, खासकर कलेजी जैसा लगता है. यही वजह है कि इसकी कीमत करीब 1200 रुपए प्रति किलो होने के बावजूद लोग इसे खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं.

इस वजह से होता है महंगा
जमशेदपुर में टेक्नोस बेच रहीं गांव की महिला कालो मुखी बताती हैं कि वह सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी क्षेत्र की रहने वाली हैं. उनके अनुसार बारिश शुरू होते ही घने जंगलों में मिट्टी के नीचे अपने आप यह खास मशरूम उगता है. इसे ढूंढ़ना आसान नहीं होता. कई घंटे जंगलों में घूमने के बाद यह मिलता है. यही कारण है कि इसकी उपलब्धता बहुत कम होती है और बाजार में इसकी कीमत भी अधिक रहती है.

सालभर करते हैं इंतजार
कालो मुखी बताती हैं कि टेक्नोस सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि इसकी दुर्लभता के कारण भी लोगों की पहली पसंद है. जैसे ही बाजार में इसकी खबर फैलती है, लोग दूर-दूर से इसे खरीदने पहुंच जाते हैं. कई ग्राहक हर साल इसी मौसम का इंतजार करते हैं, ताकि एक बार फिर इस खास झारखंडी स्वाद का आनंद ले सकें.

ऐसे बनती है करी
टेक्नोस बनाने का तरीका भी बिल्कुल झारखंडी स्टाइल का है. सविता देवी बताती हैं कि सबसे पहले टेक्नोस को अच्छी तरह साफ कर उसकी मिट्टी निकालनी चाहिए. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करके प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा और गरम मसाला डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लें.

अब इसमें टेक्नोस डालकर धीमी आंच पर पकाएं. चाहें तो थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी भी बनाई जा सकती है. तैयार होने के बाद इसका स्वाद बिल्कुल नॉनवेज करी, खासकर कलेजी जैसा महसूस होता है.

बाजार में सबसे आकर्षक
स्थानीय लोगों का कहना है कि टेक्नोस झारखंड की पारंपरिक पहचान है. यह केवल कुछ दिनों के लिए मिलता है, इसलिए इसकी मांग हमेशा बनी रहती है. कई लोग इसे अपने रिश्तेदारों के लिए भी खरीदकर ले जाते हैं. बारिश के मौसम में यह सब्जी बाजार की सबसे आकर्षक चीजों में शामिल हो जाती है.

अगर आप भी झारखंड के पारंपरिक स्वाद का अनुभव करना चाहते हैं, तो बारिश के इस छोटे से मौसम में मिलने वाले टेक्नोस को जरूर चखें. साल में सिर्फ 15 दिन मिलने वाला यह दुर्लभ मशरूम अपने अनोखे स्वाद, खुशबू और झारखंडी अंदाज की वजह से हर किसी को याद रह जाता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …

और पढ़ें



Source link

Write A Comment