Makki Methi Dhokla Recipe: बारिश के मौसम में गरमा-गरम और हल्का स्नैक खाने का मज़ा ही कुछ और है. अगर आप रोज़-रोज़ बेसन का ढोकला खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार मक्के के आटे और ताज़ी मेथी की पत्तियों से स्पंजी ढोकला बनाकर देखें. यह न सिर्फ़ स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहतमंद भी होता है. इसे राजस्थानी स्टाइल की चटपटी चटनी या डिप के साथ खाने से इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. आइए जानते हैं इस आसान रेसिपी के बारे में…
मक्की-मेथी ढोकला बनाने के लिए सामग्री
1 कप मक्के का आटा, ½ कप दही, ½ कप बारीक कटी हुई ताज़ी मेथी की पत्तियां, 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच फ्रूट सॉल्ट (ईनो), ज़रूरत के अनुसार पानी; तड़के के लिए: 1 बड़ा चम्मच तेल, 1 छोटा चम्मच राई, 8-10 करी पत्ते, 2 हरी मिर्च और थोड़ी ताज़ी धनिया पत्ती.
स्पंजी ढोकला कैसे बनाएं
स्पंजी ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले, एक बड़े कटोरे में मक्के का आटा, दही, मेथी दाना, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, हल्दी और नमक अच्छी तरह मिला लें. गाढ़ा घोल बनाने के लिए ज़रूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें. इसे ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें.
इसके बाद, स्टीमर तैयार करें. स्टीम करने से ठीक पहले, घोल में ईनो (Eno) और एक चम्मच पानी डालकर हल्के हाथ से मिलाएं. तुरंत इस मिश्रण को तेल लगी ट्रे में डालें और 15-20 मिनट तक स्टीम करें. चाकू डालकर देखें कि यह पक गया है या नहीं. ठंडा होने पर, इसे अपनी पसंद के आकार में काट लें.
राजस्थानी स्टाइल की चटपटी सॉस बनाने का आसान तरीका
एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें. इसमें राई (सरसों के दाने), जीरा और करी पत्ता डालकर तड़का लगाएं. अब, 1 कप फेंटा हुआ दही, थोड़ा पानी, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, सेंधा नमक (या सादा नमक) और स्वाद के लिए थोड़ा गुड़ डालें. धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं. आखिर में, थोड़ा भुना हुआ जीरा पाउडर डालें और आंच बंद कर दें. यह हल्की मीठी और चटपटी सॉस ढोकले के साथ बहुत अच्छी लगती है.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.