Last Updated:

पूड़ी तलने के बाद बचा तेल फेंकने से पहले उसकी गुणवत्ता जरूर जांच लें, सही तरीके से छानकर और सुरक्षित रखकर इसे सीमित मात्रा में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. जानिए तेल को साफ करने, स्टोर करने और रियूज करने का सही तरीका…

ख़बरें फटाफट

Zoom

गंदे तेल को सूती कपड़े से करें साफ.

त्योहार, वीकेंड या किसी खास मौके पर घर में पूड़ी, कचौड़ी या पकौड़े बनाए जाते हैं. ऐसे में कड़ाही में काफी मात्रा में तेल बच जाता है. कई लोग इसे तुरंत फेंक देते हैं, जबकि कुछ बिना साफ किए बार-बार इस्तेमाल कर लेते हैं. दोनों ही तरीके सही नहीं माने जाते. यदि तेल को सही तरीके से छानकर और सुरक्षित रखकर दोबारा इस्तेमाल किया जाए, तो उसका सीमित उपयोग किया जा सकता है.

पूड़ी तलने के तुरंत बाद गर्म तेल को छानने की कोशिश न करें. पहले इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. गर्म तेल को छानने से जलने का खतरा रहता है और तलने के दौरान बने छोटे-छोटे कण भी ठीक से अलग नहीं हो पाते.

महीन छलनी या सूती कपड़े से करें साफ
तेल ठंडा होने के बाद उसे महीन छलनी, कॉफी फिल्टर या साफ सूती कपड़े से छान लें. इससे आटे के जले हुए टुकड़े और दूसरे कण अलग हो जाते हैं. अगर इन्हें तेल में छोड़ दिया जाए, तो अगली बार पकाते समय तेल जल्दी खराब हो सकता है और खाने का स्वाद भी बदल सकता है. छाना हुआ तेल पूरी तरह सूखी और साफ कांच या स्टील की बोतल में भरकर रखें. इसे धूप, नमी और तेज गर्मी से दूर रखें। तेल में पानी की एक बूंद भी नहीं जानी चाहिए, क्योंकि इससे तेल जल्दी खराब हो सकता है.

दोबारा इस्तेमाल करते समय रखें ध्यान
इस तेल का इस्तेमाल ऐसी चीजों में करें, जिनमें तेज आंच पर डीप फ्राई करने की जरूरत न हो. उदाहरण के लिए, सब्जी का तड़का लगाने या हल्की फ्राइंग में इसका सीमित उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, जिस तेल में पहले से कई बार डीप फ्राई किया जा चुका हो, उसे बार-बार गर्म करने से बचना चाहिए.

कब नहीं करना चाहिए रियूज?
अगर तेल का रंग बहुत गहरा हो गया है, उसमें तेज या बासी गंध आने लगी है, धुआं जल्दी उठने लगे या उसकी बनावट बहुत गाढ़ी और चिपचिपी लगने लगे, तो उसे दोबारा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. ऐसे तेल में बार-बार गर्म करने से ऐसे यौगिक बन सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं माने जाते.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment