Fish Egg Pakoda Recipe : अगर आप सीफ़ूड पसंद करते हैं और कुछ नया आज़माना चाहते हैं, तो मछली के अंडों के पकौड़े आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम, ये पकौड़े बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं. भारत के तटीय राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और केरल में मछली के अंडों से कई पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं. आइए जानते हैं घर पर बनाने की आसान, स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी…
आवश्यक सामग्री
250 ग्राम मछली के अंडे, 1 कप बेसन, 1 छोटा चम्मच चावल का आटा, 1 बारीक कटा प्याज़, 2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 छोटा चम्मच अजवाइन, बारीक कटा ताज़ा हरा धनिया, स्वादानुसार नमक, तलने के लिए सरसों का तेल या रिफाइंड तेल.
स्टेप 1: सबसे पहले, मछली के अंडों (fish roe) को साफ़ पानी से अच्छी तरह धो लें. अतिरिक्त पानी निकाल दें और अंडों को हल्के हाथों से मैश करें ताकि मसाले अच्छी तरह मिल सकें.
स्टेप 2: एक बड़े कटोरे में बेसन, चावल का आटा, प्याज़, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अजवायन, ताज़ा हरा धनिया और नमक मिलाएं। इस मिश्रण में मछली के अंडे डालें और अच्छी तरह मिलाएं. अगर ज़रूरत हो, तो गाढ़ा घोल (बैटर) बनाने के लिए थोड़ा पानी डालें.
स्टेप 3: एक पैन में तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए, तो घोल के छोटे-छोटे हिस्से उसमें डालें. पकौड़ों को मध्यम आंच पर तब तक तलें जब तक वे दोनों तरफ़ से सुनहरे भूरे और कुरकुरे न हो जाएं. तले हुए पकौड़ों को निकालें और अतिरिक्त तेल निकालने के लिए उन्हें टिश्यू पेपर पर रखें.
गरमा-गरम मछली के अंडे के पकोड़े को हरी चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें और स्वाद बढ़ाने के लिए एक कप गर्म चाय या कॉफी.