दिल्ली के जगतपुर गांव आज (गुरुवार को) बड़ा हादसा होने से बच गया। दरअसल, स्कूल से घर लौट रहे 3 बच्चे नाले में गिर गए थे। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद रहे स्थानीय लोगों ने सतर्कता बरती और बच्चों को तुरंत हाथ पकड़कर बचा लिया। इस घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ओवरफ्लो नाले में गिरे बच्चे
बता दें कि दिल्ली में सुबह हुई बारिश का पानी जगतपुर में सड़क पर इकट्ठा था। बारिश के पानी की वजह से नाले ओवरफ्लो हो गए थे। इस दौरान, पानी भरने के कारण बच्चे नाले का अंदाजा नहीं लगा पाए और उसमें गिर गए।
लोगों ने हाथ पकड़कर नाले से निकाले बच्चे
लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और बच्चों को तुरंत ही बाहर निकाल लिया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें हादसा कैद हुआ है। वीडियो में लोग नाले में से हाथ पकड़कर बच्चों को निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं।
समय रहते नाले में गिरे बच्चों तक पहुंची मदद
चश्मदीदों के अनुसार, बच्चों के नाले में गिरते ही वहां आसपास मौजूद लोकल लोगों ने शोर मचाया और देर किए बिना बच्चों की मदद के लिए दौड़ पड़े। लोकल लोगों ने रिस्क लेते हुए बच्चों का हाथ पकड़ा और एक-एक कर उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया। वक्त रहते रेस्क्यू हो जाने से तीनों बच्चों की जान बचाई जा सकी और बड़ा हादसा होने से टल गया।
खुले नालों से बड़े हादसे का खतरा
गौरतलब है कि जगतपुर की यह घटना फिर से बरसात के मौसम में ओवरफ्लो और खुले नालों से होने वाले खतरे को सामने लाती है। लोकल लोगों का कहना है कि बारिश में जलभराव के कारण से नालों की सीमा को जानना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन को बारिश के पानी की निकासी का इंतजाम बेहतर तरीके से करने और संवेदनशील जगहों पर बैरिकेडिंग व चेतावनी वाले बोर्ड लगाए जाने चाहिए।
जब उत्तराखंड कॉलोनी में डूब गए थे दो बच्चे
इससे पहले जुलाई महीने में दिल्ली में मुखमेलपुर गांव की उत्तराखंड कॉलोनी में रहने वाली एक फैमिली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई थीं। इस हादसे में बारिश के पानी में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबे 4 मासूम, 2 के शव बरामद और अन्य 2 की तलाश जारी