ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू को बड़ी चेतावनी दी है और कहा है कि ईरान का सरेंडर करने की अमेरिका की मांग सिर्फ़ एक सपना है। पेजेशकियान ने कहा कि यह युद्ध ईरान ने शुरू नहीं किया है, जिसने यह युद्ध शुरू किया है, वही खत्म करेगा। ईरान ने अपने विरोधियों की उन सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया है, जिनका एक ही मकसद था सैन्य दबाव के जरिए ईरान को कमजोर करना। हम पर इतने हमले हुए लेकिन इस मुश्किल घड़ी में भी ईरान आज एक मजूबत देश के रूप में खड़ा है। हम ना झुकेंगे और ना ही किसी से डरेंगे।
पेजेशकियान ने ईरानी सरकारी टीवी पर एक इंटरव्यू के दौरान कहा, हमने युद्ध की शुरुआत नहीं की और युद्ध से पहले ईरानी सरकार बातचीत के जरिए इस मसले को सुलझाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन हालात धीरे-धीरे युद्ध की ओर बढ़ गए। विरोधियों को उम्मीद थी कि देश में सैन्य दबाव और बिगड़ती स्थिति के कारण ईरान बिखर जाएगा लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हुआ। पेजेशकियान ने दावा किया कि ईरान अपने रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ेगा और पहले से ज्यादा मजबूत होगा।