ऐपल का अगला बड़ा iPhone लॉन्च इस बार कई मायनों में अलग हो सकता है. कंपनी सितंबर में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश करने की तैयारी में है. खास बात यह है कि इस बार सितंबर के लॉन्च में सामान्य iPhone 18, iPhone 18e और दूसरी जनरेशन का iPhone Air देखने को नहीं मिलेगा. इन मॉडल्स को 2027 के वसंत तक टाला जा सकता है.

इसका मतलब है कि सितंबर में ऐपल के पास ग्राहकों के लिए मुख्य रूप से प्रीमियम और महंगे मॉडल ही होंगे. ऐसे में iPhone 18 Pro Max को पहले से ज्यादा खास बनाने की कोशिश की जा सकती है. लीक और रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें कैमरा, बैटरी, प्रोसेसर और कनेक्टिविटी से जुड़े कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

सितंबर में हो सकता है ऐपल का बड़ा लॉन्च इवेंट

ऐपल ने अभी iPhone 18 सीरीज के लॉन्च की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है. हालांकि, कंपनी के पुराने लॉन्च पैटर्न को देखते हुए सितंबर में इवेंट होने की उम्मीद है. 7 सितंबर को Labour Day होने की वजह से ऐपल इसके अगले दिन इवेंट रखने से बच सकता है. माना जा रहा है कि कंपनी अगस्त के आखिर में लॉन्च इवेंट का ऐलान कर सकती है.

इस बार लॉन्च इवेंट को लेकर एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल के अमेरिकी रिटेल कर्मचारियों को इन-पर्सन इवेंट में स्टाफिंग के लिए लॉटरी में शामिल किया गया है. इससे हिंट मिलता है कि इस साल का लॉन्च इवेंट पिछले कुछ सालों के मुकाबले थोड़ा अलग हो सकता है.

iPhone 18 Pro Max में मिलेगा बड़ा कैमरा अपग्रेड

आईफोन 18 प्रो मैक्स का सबसे बड़ा अपग्रेड कैमरा हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन के मेन कैमरे में पहली बार Variable Aperture दिया जा सकता है.

आसान भाषा में समझें तो कैमरा लेंस के अंदर मौजूद अपर्चर जरूरत के हिसाब से अपना आकार बदल सकेगा. कम रोशनी में यह ज्यादा खुलकर सेंसर तक ज्यादा रोशनी पहुंचाएगा, जबकि तेज रोशनी में इसे छोटा किया जा सकेगा. इससे अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में फोटो क्वालिटी बेहतर होने की उम्मीद है.

टेलीफोटो कैमरे को भी अपग्रेड मिलने की बात कही जा रही है. इसका अपर्चर पहले के मुकाबले बड़ा हो सकता है. इसका फायदा खासकर कम रोशनी में जूम करके फोटो खींचते समय मिल सकता है.

दिलचस्प बात ये है कि ऐपल के फोल्डेबल आईफोन में टेलीफोटो कैमरा नहीं होने की खबर है. ऐसे में कैमरा के मामले में आईफोन 18 Pro Max कंपनी का सबसे बेहतर फोन हो सकता है.

बड़ी बैटरी के साथ आ सकता है Pro Max

ऐपल इस बार बैटरी को लेकर भी बड़ा बदलाव कर सकता है. चीन की रेगुलेटरी फाइलिंग से सामने आई जानकारी के मुताबिक, eSIM वाले iPhone 18 Pro Max में 5,567mAh की बैटरी दी जा सकती है. तुलना करें तो iPhone 17 Pro Max में 5,088mAh की बैटरी बताई गई थी. यानी नई बैटरी करीब 9.4 फीसदी बड़ी हो सकती है. हालांकि, भारत में फिजिकल SIM स्लॉट वाले मॉडल की बैटरी क्षमता थोड़ी कम हो सकती है.

अगर लीक सही साबित हुए तो इसका वजन 240 ग्राम से ज्यादा हो सकता है. ऐसे में यह ऐपल का अब तक का सबसे भारी iPhone बन सकता है. तुलना के लिए iPhone 17 Pro Max का वजन 233 ग्राम बताया गया है. यह बदलाव दिखाता है कि ऐपल इस बार फोन को और पतला बनाने की बजाय लंबी बैटरी लाइफ को ज्यादा महत्व दे सकता है.

2nm A20 Pro चिप देगी बेहतर परफॉर्मेंस

iPhone 18 Pro Max में ऐपल का नया A20 Pro चिपसेट मिलने की उम्मीद है. इसे TSMC की 2nm टेक्नोलॉजी पर बनाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह ऐपल के लिए बड़ा बदलाव होगा.

नई प्रोसेस टेक्नोलॉजी की मदद से चिप पहले से ज्यादा तेज और पावर एफिशिएंट हो सकती है.

इसके साथ ऐपल का नया C2 मॉडेम भी मिलने की उम्मीद है. यह कंपनी का खुद का मॉडेम होगा और इसमें mmWave 5G का सपोर्ट दिया जा सकता है. इससे ऐपल को भविष्य में 5G मॉडेम के लिए Qualcomm पर अपनी निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.

कुछ रिपोर्ट्स में सैटेलाइट के जरिए 5G कनेक्टिविटी की भी बात कही गई है. अगर यह फीचर आता है तो भारत जैसे बड़े देश में दूरदराज के इलाकों में इसका फायदा मिल सकता है.
Dynamic Island में भी हो सकता है बदलाव

ऐपल लंबे समय से Face ID के कुछ सेंसर को डिस्प्ले के नीचे लगाने पर काम कर रहा है. अगर कंपनी इसमें सफल होती है तो Dynamic Island का साइज़ छोटा हो सकता है.

हालांकि, नई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस टेक्नोलॉजी को तैयार करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं. ऐसे में iPhone 18 Pro Max में Dynamic Island पहले की तरह ही रहने की संभावना भी है.

भारत में कितनी होगी कीमत?

iPhone 18 Pro Max की भारत में कीमत अभी सामने नहीं आई है. हालांकि, इसके महंगे होने की संभावना काफी ज्यादा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में इस्तेमाल होने वाले मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट की कीमत बढ़ी है. इसका असर खासतौर पर ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल पर पड़ सकता है.

iPhone 17 Pro Max की भारत में 256GB मॉडल की शुरुआती कीमत ₹1,49,900 थी. ऐसे में iPhone 18 Pro Max इससे महंगा हो सकता है. 1TB और 2TB मॉडल की कीमत में बढ़ोतरी और ज्यादा होने की उम्मीद है.

iPhone 18 Pro Max का इंतजार करना चाहिए?

अगर आप iPhone 15 Pro Max या इससे पुराने मॉडल का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो iPhone 18 Pro Max का इंतजार करना समझदारी हो सकती है. 2nm चिप, बड़ी बैटरी और Variable Aperture कैमरा इसे बड़ा अपग्रेड बना सकते हैं. वहीं, अगर आप अभी iPhone 17 Pro Max खरीदने की सोच रहे हैं तो कुछ समय रुकना बेहतर रहेगा.



Source link

Write A Comment