उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता अपने पिता और भाई के साथ वहां पहुंची और आत्मदाह करने की चेतावनी देने लगी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उसने पति और ससुर समेत अन्य ससुराल जनों पर मारपीट, दहेज की मांग और कथित तंत्र-मंत्र की गतिविधियों में जबरन शामिल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला का कहना है कि उसने इस मामले में पहले भी पुलिस से शिकायत की थी और एफआईआर दर्ज कराई गई, लेकिन उसे अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली। इसी से नाराज होकर वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। मामले की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को समझाने का प्रयास किया।
शादी के बाद से शुरू हुआ विवाद, दहेज मांगने का आरोप
महिला के पिता के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी 16 मार्च 2024 को पांडु नगर निवासी एक राजनीतिक परिवार में हुई थी। उनका दावा है कि शादी में उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार काफी खर्च किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई, महिला ने आरोप लगाया कि उससे एक किलो सोना, महंगा फर्नीचर और मकान की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया।
तंत्र-मंत्र में शामिल करने का भी आरोप
विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि घर में रात के समय कथित रूप से तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियां की जाती थीं और उसे भी इनमें शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था, महिला का आरोप है कि उसने इन गतिविधियों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उसने यह भी दावा किया कि उसके कपड़े फाड़े गए और उसे जबरन कमरे में बंद किया गया। महिला ने अपने पति और ससुर पर उसके साथ अभद्र व्यवहार करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
विदेश ले जाकर भी प्रताड़ित करने का आरोप
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे विदेश यात्रा पर इंडोनेशिया भी लेकर गया था। महिला का दावा है कि वहां भी उसके साथ कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियां की गईं, उसने बताया कि 21 जनवरी 2025 को ससुराल में फिर से ऐसी गतिविधियां शुरू हुईं। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने पंखे से लटकाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है।
मार्च 2026 में दर्ज कराई थी एफआईआर
महिला के अनुसार, लंबे समय तक कथित उत्पीड़न सहने के बाद उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद 29 मार्च 2026 को महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। मामले की जांच पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट को सौंपी गई थी। महिला का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद जांच और कार्रवाई की गति से वह संतुष्ट नहीं थी। इसी नाराजगी के चलते गुरुवार को वह अपने पिता और भाई के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची।
आत्मदाह की सूचना मिलते ही पुलिस में मचा हड़कंप
महिला के पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचने और आत्मदाह की चेतावनी देने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। महिला को रोकने के लिए सचेंडी, कोतवाली और महिला थाने समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस कमिश्नर से सीधे मुलाकात करने की मांग पर अड़ी रही। काफी प्रयास के बाद पुलिस कमिश्नर ने महिला और उसके पिता से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस कमिश्नर ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया
पुलिस कमिश्नर ने महिला को मामले में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति को शांत कराया गया। महिला ने हालांकि चेतावनी दी कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह जैसा कदम उठाएगी, पुलिस अब महिला की शिकायत, दर्ज एफआईआर, उपलब्ध साक्ष्यों और लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
विवाहित प्रेमिका के साथ प्रेमी ने खाया जहरीला पदार्थ, लड़की की हुई मौत; लड़के की हालत गंभीर