Last Updated:
इस वीकेंड घर पर बनाएं चटपटी देशी स्ट्रीट चाउमीन. इसे बनाना बहुत आसान है. पहले नूडल्स उबालकर ठंडे पानी से धो लें। फिर तेज आंच पर सब्जियां फ्राई करें. अब नूडल्स और सोया-मिर्च सॉस मिलाएं. तेज आंच पर दो मिनट भूनें. गरमागरम मसालेदार चाउमीन तैयार है.
नई दिल्लीः वीकेंड पर अक्सर लोगों का मन कुछ ऐसा खाने का करता है जो स्वाद में चटपटा हो, जल्दी बन जाए और पूरा परिवार भी इसे पसंद करे. अगर आपका भी इस बार कुछ मसालेदार और मजेदार खाने का मन है, तो घर पर देशी स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन बनाकर देख सकते हैं. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और थोड़ी सी तैयारी के बाद कुछ ही मिनटों में गरमागरम चाउमीन तैयार हो जाती है.
नूडल्स उबालने से करें शुरुआत
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. इसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच तेल डाल दें. अब इसमें नूडल्स डालकर इन्हें हल्का नरम होने तक उबालें. ध्यान रखें कि नूडल्स ज्यादा न गलें, वरना चाउमीन बनाते समय यह आपस में चिपक सकते हैं. नूडल्स तैयार होने के बाद इन्हें छानकर ठंडे पानी से धो लें और थोड़ी देर के लिए अलग रख दें.
सब्जियों से बढ़ेगा स्वाद
अब एक बड़ी कड़ाही को तेज आंच पर गर्म करें. इसमें थोड़ा तेल डालकर बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें. इसके बाद प्याज, पत्ता गोभी, गाजर और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर चलाएं. सब्जियों को पूरी तरह गलाना नहीं है. हल्का कुरकुरा रहने पर ही चाउमीन का स्वाद अच्छा आता है.
मसालों का लगेगा तड़का
अब इसमें उबले हुए नूडल्स डालें. इसके बाद सोया सॉस, लाल मिर्च सॉस, टोमैटो सॉस और थोड़ा सा सिरका डालकर अच्छी तरह मिलाएं. स्वाद के हिसाब से नमक और थोड़ा चाट मसाला भी डाल सकते हैं. अब तेज आंच पर नूडल्स को लगातार चलाते हुए दो से तीन मिनट तक पकाएं. इससे मसाले और सॉस नूडल्स में अच्छी तरह मिल जाएंगे.
गरमागरम करें सर्व
चाउमीन तैयार होने के बाद ऊपर से थोड़ा हरा प्याज या बारीक कटा धनिया डाल सकते हैं. इसे गरमागरम ही सर्व करें. चाहें तो साथ में हरी या लाल चटनी भी रख सकते हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें