दिल्ली: अगर आपको मैक्रोनी खाना पसंद है, लेकिन हर बार एक जैसा स्वाद अच्छा नहीं लगता है, तो इस बार इसे थोड़ा देसी अंदाज में बनाकर देखिए. इसमें विदेशी अंदाज की जगह घर के रोजमर्रा वाले मसालों का इस्तेमाल होता है. प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और मसालों के तड़के से तैयार यह मैक्रोनी स्वाद में काफी चटपटी बनती है. इसे शाम की हल्की भूख या बच्चों के स्नैक के तौर पर आसानी से बनाया जा सकता है. इसका स्वाद बड़ा ही लाजवाब होता है. आइये जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में.

सबसे पहले मैक्रोनी को उबाल लें

देसी स्टाइल मैक्रोनी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें. इसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच तेल डाल दें. अब मैक्रोनी डालकर इसे तब तक उबालें, जब तक यह अच्छी तरह नरम न हो जाए. ध्यान रखें कि मैक्रोनी बहुत ज्यादा न गले. उबलने के बाद इसका पानी निकालकर मैक्रोनी को अलग रख दें.

मसालों से तैयार करें देसी तड़का

अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालें. कुछ सेकंड भूनने के बाद इसमें कटे हुए टमाटर डालकर पकाएं. जब टमाटर नरम हो जाएं, तब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, मैगी मसाला और स्वादानुसार नमक डालें.

सब्जियों के साथ मैक्रोनी का तड़का

अब मसालों को अच्छी तरह भूनने के बाद इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च और गाजर डाल सकते हैं. सब्जियों को तेज आंच पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि उनका हल्का क्रंच बना रहे. इसके बाद इसमें उबली हुई मैक्रोनी डाल दें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं.

चटपटा स्वाद बढ़ाने के लिए डालें ये चीजें

मैक्रोनी को और चटपटा बनाने के लिए इसमें थोड़ा टोमैटो सॉस, चिली सॉस और चाट मसाला डाला जा सकता है. अब इसे 2-3 मिनट तक तेज आंच पर चलाते हुए पकाएं, ताकि मसाला मैक्रोनी पर अच्छी तरह चिपक जाए. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें.

गरमा-गरम करें सर्व

आपकी देसी स्टाइल मैक्रोनी तैयार है. धनिये का स्वाद हो पसंद तो इससे आप इसे गार्निश कर सकते हैं.
इसे गरमा-गरम ही सर्व करें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चीज भी डाल सकते हैं.



Source link

Write A Comment