नारियल की चटनी दक्षिण भारतीय व्यंजनों की जान मानी जाती है. इडली, डोसा, वड़ा, उपमा और पूरी जैसे कई फेमस ब्रेकफास्ट के साथ इसे बड़े चाव से खाया जाता है. इसकी खास बात यह है कि यह साधारण खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ा देती है. अक्सर लोगों को होटल या रेस्टोरेंट में मिलने वाली नारियल चटनी का स्वाद बहुत पसंद आता है और वे सोचते हैं कि आखिर घर पर वैसी चटनी क्यों नहीं बन पाती.
दरअसल, सही सामग्री और कुछ आसान टिप्स की मदद से आप भी घर पर बिल्कुल होटल स्टाइल नारियल चटनी तैयार कर सकते हैं. ताजे नारियल, हरी मिर्च, भुनी मूंगफली, भुने चने की दाल और लहसुन से बनने वाली यह चटनी स्वाद के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है. इसे बनाना बेहद आसान है और कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है. अगर आप अपने नाश्ते को और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है.
नारियल चटनी बनाने का तरीका
सामग्री
1 कप ताजा नारियल (कद्दूकस किया हुआ या छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
4 से 5 हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच भुने चने की दाल (पुटनाला दाल)
2 बड़े चम्मच मूंगफली के दाने
3 से 4 लहसुन की कलियां
स्वादानुसार इमली
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तड़के के लिए
2 बड़े चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच उड़द दाल
2 सूखी लाल मिर्च
कुछ करी पत्ते
बनाने की विधि
सबसे पहले मिक्सर जार में नारियल, हरी मिर्च, भुने चने की दाल, मूंगफली, लहसुन, इमली और नमक डालें. इन सभी सामग्री को पहले बिना पानी के हल्का पीस लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम और चिकनी चटनी तैयार करें. ध्यान रखें कि चटनी बहुत ज्यादा पतली न हो, बल्कि हल्की गाढ़ी रहे.
अब तड़का तैयार करने के लिए एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें राई और जीरा डालें. जब ये चटकने लगें तो उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड तक भून लें.
तैयार तड़के को नारियल चटनी के ऊपर डालें और अच्छी तरह मिला दें. इससे चटनी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
होटल जैसा स्वाद पाने के टिप्स
होटल स्टाइल स्वाद के लिए हमेशा ताजा नारियल का इस्तेमाल करें. मूंगफली को हल्का भूनकर डालने से स्वाद और बेहतर हो जाता है. साथ ही इमली, नमक और मिर्च की मात्रा बराबर रखें. चाहें तो थोड़ा हरा धनिया भी मिला सकते हैं. यह स्वादिष्ट नारियल चटनी गर्मागर्म इडली, डोसा, वड़ा या उपमा के साथ परोसें. इसे चावल के साथ भी साइड डिश के रूप में खाया जा सकता है.