Last Updated:
Chapra Famous 2 Rupees Samosa: छपरा के अंबिका राय पिछले 22-23 साल से ₹2 में स्वादिष्ट समोसा बेच रहे हैं. वे खुद मसाले तैयार करते हैं और सरसों तेल में समोसे तलते हैं. उनकी दुकान पर 2 रुपये में चॉप और 1 रुपये में पकौड़ी भी मिलती है. स्वाद लेने दूर-दूर से लोग आते हैं.
छपरा. छपरा के ग्रामीण क्षेत्र में भी कुछ ऐसी समोसे की दुकानें हैं, जो स्वाद और सस्ते दाम को लेकर मशहूर हैं. इसी क्रम में अंबिका राय जलालपुर प्रखंड के बसडिला के रहने वाले हैं, जो 22 वर्षों से लोगों को मात्र ₹2 में स्वादिष्ट समोसा खिलाते आ रहे हैं. स्वाद इतना बेहतर होता है कि एक बार खाने के बाद लोग बार-बार आते हैं. अंबिका राय के द्वारा बसडिला ढाला के पास एक छोटी सी दुकान में समोसा बेचने का काम किया जाता है. ₹2 में समोसा, ₹2 में चाप, ₹1 में पकौड़ी, आज भी इस महंगाई के दौर में अंबिका राय बेच रहे हैं.
महंगाई के दौर में सस्ते में बेचने की जानिए कहानी
अंबिका राय ने गरीब, अमीर और बच्चे सभी को एक समान देखते हुए अपने समोसे के दाम तय किए हैं. ₹2 में बेचने से गरीब लोग भी समोसा खरीदकर खा लेते हैं. इसके साथ ही बच्चे भी ₹2 लेकर आते हैं और खरीदकर खाते हैं. यही नहीं, बर्थडे, शादी, वर्षगांठ या किसी पार्टी में भी इनके पास से ऑर्डर पर समोसा खरीदकर लोग ज्यादा मात्रा में ले जाते हैं. बड़े-बड़े लोग भी किसी पार्टी फंक्शन के लिए यहीं से समोसा खरीदते हैं.
आखिर क्यों लगता है स्वादिष्ट समोसा
अंबिका राय के द्वारा खुद से घरेलू मसाला तैयार किया जाता है, जो मसाला ये समोसे में डालते हैं. हल्दी, अजवाइन, मिर्च पाउडर सहित कई मसाले डालकर समोसा तैयार करते हैं. खुद के सरसों तेल में समोसा छानते हैं. सबसे खास बात यह है कि लहसुन-प्याज इनके समोसे में नहीं रहता है. इसके बावजूद भी स्वादिष्ट लगता है. जो एक बार खा लेता है, दूसरी बार भी गाड़ी रोककर समोसे का स्वाद लेना नहीं भूलता है.
23 साल से बना रहे समोसे
लोकल 18 से अंबिका राय ने बताया कि 23 वर्षों से मैं समोसा बनाकर बेच रहा हूं, लहसुन-प्याज नहीं डालता हूं. इसके अलावा सभी मसाले खुद से तैयार करके डालता हूं. समोसा सरसों के तेल में तला जाता है. यही वजह है कि स्वाद अच्छा लगता है. 2-4 पीस खाने के बाद 20 समोसे खरीदकर लोग घर के लिए ले जाते हैं. एक बार जो खा लेते हैं, वह इस रास्ते से आते वक्त जरूर रुकते हैं और फिर समोसा खाकर या लेकर ही आगे जाते हैं.
उन्होंने आगे बताया कि ₹2 में समोसा, ₹2 में चाप, ₹1 में पकौड़ी बेचता हूं. सस्ता बेचने से गरीब हो या बच्चा हर कोई इसे आसानी से खरीदकर खा सकता है. सभी को ध्यान में रखते हुए 23 वर्षों से मैं समोसा, पकौड़ी, चाप का शुल्क निर्धारित किया हूं. बसडीला ढाला के पास बाबा दुकान के नाम से मशहूर है. लोगों का प्यार ऐसा ही बना रहा, तो स्वाद चखाते रहेंगे.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें