अगर आपको शाम की भूख में कुछ कुरकुरा खाने का मन करता है, तो सबसे पहले आलू के चिप्स का ख्याल आता है. हालांकि, बाजार में मिलने वाले अधिकांश चिप्स तेल और कैलोरी से भरपूर होते हैं, जो वजन बढ़ाने का कारण बन सकते हैं. ऐसे में रागी चिप्स एक बेहतरीन और हेल्दी विकल्प साबित हो सकते हैं.
रागी, जिसे फिंगर मिलेट भी कहा जाता है, फाइबर, कैल्शियम, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है. यही वजह है कि इसे हेल्दी डाइट का हिस्सा माना जाता है. खास बात यह है कि रागी चिप्स को घर पर बहुत कम तेल में तैयार किया जा सकता है. इन्हें बेक या एयर फ्राई करके और भी पौष्टिक बनाया जा सकता है. ये चिप्स न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करते हैं.
रागी चिप्स की रेसिपी
सामाग्री
1 कप रागी का आटा
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
1 बड़ा चम्मच बेसन (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच तिल या अजवाइन
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल या नारियल तेल
जरूरत के अनुसार पानी
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में रागी का आटा, चावल का आटा, बेसन, तिल या अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें तेल डालें और धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए नरम लेकिन सख्त आटा गूंथ लें. आटे को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें. प्रत्येक हिस्से को पतला बेलें और अपनी पसंद के अनुसार त्रिकोण, चौकोर या लंबी स्ट्रिप्स के आकार में काट लें.
बेक करने का तरीका
ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म करें. चिप्स को बेकिंग ट्रे में रखें और हल्का सा तेल ब्रश करें. इन्हें 15 से 18 मिनट तक बेक करें और बीच में एक बार पलट दें. या एयर फ्रायर को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें. चिप्स को 10 से 12 मिनट तक एयर फ्राई करें और बीच में बास्केट को हिलाएं. चिप्स ठंडे होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें, इन्हें हंग कर्ड, पुदीना चटनी या टमाटर सालसा के साथ परोसकर हेल्दी स्नैक का मजा लिया जा सकता है.
रागी चिप्स क्यों हैं बेहतर?
रागी में भरपूर फाइबर होता है, जो लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता. इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, जिससे ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद मिलती है. साथ ही इसमें कैल्शियम और आयरन भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं.