Last Updated:

Ara Chia Seed Startup Success Story: आरा में प्रकाश ने रमना मैदान के पास चिया सीड का पौष्टिक नाश्ता स्टार्टअप शुरू किया है. यह सुबह की सैर के बाद हल्का और सेहतमंद विकल्प प्रदान करता है, जिसमें सूखे मेवे व ताजे फल भी होते हैं. यह पहल मॉर्निंग वॉकर्स और सोशल मीडिया पर खूब सराही जा रही है.

ख़बरें फटाफट

भोजपुर: दिन की शुरुआत अगर वॉक और पौष्टिक नाश्ते से हो, तो पूरा दिन ताजगी और ऊर्जा से भरा रहता है. इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए आरा के रमना मैदान के पास प्रकाश नामक युवा ने एक अनोखा और स्वास्थ्यवर्धक स्टार्टअप शुरू किया है. सुबह की सैर के बाद जंक फूड या भारी नाश्ते के बजाय वे लोगों को ‘चिया सीड’ से तैयार सेहतमंद नाश्ता परोस रहे हैं.

रमना मैदान के पास सुबह 2 घंटे की ‘हेल्थ क्लास’
रमना मैदान में रोजाना सुबह सैकड़ों लोग टहलने और व्यायाम करने आते हैं. प्रकाश रोज सुबह केवल दो घंटे के लिए अपना स्टॉल लगाते हैं. सुबह की सैर के बाद शरीर को ऊर्जा देने के लिए उनके पास पौष्टिक नाश्ते की खास वेरायटी मौजूद रहती है. इस नई पहल को मॉर्निंग वॉकर्स और फिटनेस पसंद लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है.

ड्राई फ्रूट्स और ताजे फलों का तड़का
चिया सीड पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है. इसमें फाइबर, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड की भरपूर मात्रा होती है. इसे और अधिक स्वादिष्ट व सेहतमंद बनाने के लिए प्रकाश इसमें ताजे फल जैसे सेब और केला,
ड्राई फ्रूट्स में बादाम, पिस्ता और काली किशमिश मिलाकर एक बाउल (फ्रूट सलाद जैसा) तैयार करते हैं. जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है.

सोशल मीडिया पर भी मिल रही खूब वाहवाही
प्रकाश का यह छोटा सा प्रयास अब सिर्फ रमना मैदान तक सीमित नहीं रहा. वे अपने इस हेल्दी डाइट और रेसिपी के वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर करते हैं. उनके वीडियो को 1 लाख से अधिक बार देखा और शेयर किया जा चुका है. डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए उनके इस छोटे से आइडिया को खूब लोकप्रियता मिल रही है.

सेहतमंद जीवनशैली की ओर एक कदम
स्थानीय लोगों के लिए यह स्टार्टअप एक बेहतर जीवनशैली का विकल्प बन रहा है. हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि केवल चिया सीड का सेवन करने से ही फिटनेस नहीं मिलती, बल्कि इसके साथ दिनभर में पर्याप्त पानी पीना, नियमित व्यायाम करना और संतुलित आहार लेना भी उतना ही जरूरी है. प्रकाश का यह प्रयास साबित करता है कि अगर सोच सही हो, तो एक छोटा सा आइडिया भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

Write A Comment