Vati Dal Khaman Recipe: सूरत के मशहूर नाश्ते का स्वाद अगर घर बैठे लेना हो, तो वाटी दाल खमन एक बढ़िया विकल्प है. बाजार में मिलने वाला खमन अपनी नरम बनावट और हल्के स्वाद के कारण खूब पसंद किया जाता है, लेकिन घर पर इसे बनाते समय अक्सर वही स्पंजी टेक्सचर नहीं मिल पाता. कभी बैटर भारी रह जाता है तो कभी खमन ठीक से फूलता नहीं है. ऐसे में चना दाल और पोहे से तैयार होने वाली यह रेसिपी काम आ सकती है.

शेफ ट्विशा ने वाटी दाल खमन बनाने का आसान तरीका बताया है, जिसमें बेसन की जगह चना दाल का इस्तेमाल किया जाता है. खास बात यह है कि पोहा खमन को हल्का और मुलायम बनाने में मदद करता है, अगर आप नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और थोड़ा अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को घर पर जरूर आजमा सकते हैं.

चना दाल और पोहा से तैयार होगा बैटर
वाटी दाल खमन बनाने के लिए सबसे पहले एक कप चना दाल लें. इसमें 2 से 3 चम्मच पोहा मिलाएं. दोनों चीजों को साफ पानी से अच्छी तरह धोकर पर्याप्त पानी में करीब 5 से 6 घंटे के लिए भिगो दें. दाल अच्छी तरह फूल जाए, तभी आगे की प्रक्रिया शुरू करें.

पोहा इस रेसिपी का छोटा-सा लेकिन खास हिस्सा है. इससे तैयार खमन का टेक्सचर हल्का रहता है और पकने के बाद यह ज्यादा नरम महसूस होता है. घर पर खमन बनाते समय अगर आपको अक्सर यह शिकायत रहती है कि वह बाजार जैसा मुलायम नहीं बनता, तो इस तरीके को आजमाया जा सकता है.

दरदरा पीसना और फर्मेंटेशन है जरूरी
दाल और पोहा भीगने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें. अब इन्हें मिक्सी में डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए हल्का दरदरा पीस लें. बैटर को बहुत ज्यादा पतला करने की जरूरत नहीं है. तैयार मिश्रण को एक साफ बर्तन में निकालकर ढक दें. अब इसे गर्म जगह पर करीब 7 से 8 घंटे के लिए रख दें. इस दौरान बैटर में फर्मेंटेशन होगा. यही प्रक्रिया खमन को अंदर से हल्का और स्पंजी बनाने में अहम भूमिका निभाती है. मौसम ठंडा हो तो बैटर को तैयार होने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है.

बैटर में ऐसे मिलाएं मसाले
फर्मेंटेशन के बाद बैटर को हल्के हाथ से मिलाएं. इसमें स्वादानुसार नमक, करीब एक चौथाई चम्मच हल्दी, एक चुटकी हींग और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें. इसके बाद आधा चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच तेल डालकर बैटर को अच्छी तरह फेंटें. सोडा डालने के बाद बैटर में तुरंत हल्कापन नजर आने लगेगा. इस स्टेज पर बैटर को बहुत देर तक रखने के बजाय तुरंत स्टीम करने के लिए तैयार करना बेहतर रहेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

15 से 20 मिनट में तैयार होगा खमन
एक ढोकला प्लेट या गहरी थाली में थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें. अब इसमें तैयार बैटर डालें और पहले से गर्म स्टीमर में रख दें. मध्यम से तेज आंच पर इसे करीब 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं. खमन पक गया है या नहीं, यह देखने के लिए बीच में चाकू या टूथपिक डालकर देखें, अगर वह साफ बाहर निकल आए, तो समझिए खमन तैयार है. इसे कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें.

हरी चटनी बनाएगी स्वाद और भी खास
वाटी दाल खमन के साथ हरी चटनी स्वाद को और बढ़ा देती है. इसके लिए ताजा धनिया, हरी मिर्च, थोड़ा नमक, थोड़ी चीनी और नींबू का रस मिक्सी में डालें. इसमें 3 से 4 टुकड़े तैयार खमन के भी डाल सकते हैं. थोड़ा पानी डालकर सभी चीजों को पीस लें. खमन का छोटा हिस्सा चटनी को अच्छा गाढ़ापन देता है. चटनी तैयार होने के बाद इसे अलग रख दें.

आखिर में लगाएं राई-करी पत्ते का तड़का
अब तैयार खमन के टुकड़ों पर थोड़ा कुटा हुआ काली मिर्च पाउडर डालें. एक छोटे पैन में 1 से 2 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई और करी पत्ता डालकर तड़का तैयार करें. चाहें तो स्वाद के अनुसार थोड़ी हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.

गर्म तड़के को खमन के ऊपर चारों तरफ डालें और बारीक कटे हरे धनिए से सजाएं. अब सॉफ्ट, स्पंजी और जालीदार वाटी दाल खमन तैयार है. इसे हरी चटनी के साथ नाश्ते में परोसें. घर के लोगों को इसका स्वाद पसंद आएगा और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती.



Source link

Write A Comment