Raksha Bandhan Sweet Recipe: रक्षाबंधन आते ही घर में रौनक बढ़ जाती है. भाई-बहन की नोकझोंक, राखी की तैयारी और मेहमानों के आने-जाने के बीच सबसे ज्यादा चिंता इस बात की रहती है कि खाने में क्या खास बनाया जाए. खासकर मिठाई को लेकर हर कोई चाहता है कि मेज पर कुछ ऐसा हो, जिसे देखते ही मेहमानों का मन खुश हो जाए, लेकिन त्योहार के दिन बाजार से मिठाई लाने के लिए समय निकालना हमेशा आसान नहीं होता. ऊपर से भीड़ और मिलावट की चिंता अलग रहती है. ऐसे में घर की रसोई ही सबसे काम की जगह बन जाती है.

कुछ ऐसी मिठाइयां हैं जिन्हें बनाने के लिए न बहुत ज्यादा सामान चाहिए और न घंटों किचन में खड़े रहने की जरूरत. नारियल के लड्डू से लेकर पनीर पेड़े और सेवई की खीर तक, ये रेसिपी कम समय में तैयार हो सकती हैं. खास बात यह है कि इनका स्वाद घर के बड़े-बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक को पसंद आ सकता है.

नारियल के लड्डू बनाएं झटपट
सिर्फ कुछ चीजों से तैयार होगी मिठाई नारियल के लड्डू उन मिठाइयों में शामिल हैं, जिन्हें त्योहार के मौके पर कम समय में बनाया जा सकता है. इसके लिए सूखा नारियल बुरादा, कंडेंस्ड मिल्क और थोड़ा घी चाहिए. कड़ाही में घी गर्म करके नारियल बुरादे को धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट भूनें. खुशबू आने लगे तो इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालकर लगातार चलाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें. इसे थोड़ा ठंडा होने दें. हाथों पर हल्का घी लगाकर गोल लड्डू बनाएं और ऊपर से सूखे नारियल में रोल कर दें. चाहें तो सजावट के लिए पिस्ता या बादाम भी लगा सकते हैं.

अचानक मेहमान आएं तो बनाएं ब्रेड शाही टुकड़ा
रक्षाबंधन के दिन कभी-कभी मेहमान अचानक पहुंच जाते हैं और फिर समझ नहीं आता कि तुरंत क्या मीठा बनाया जाए. ऐसे समय में ब्रेड का शाही टुकड़ा अच्छा विकल्प हो सकता है. ब्रेड के किनारे काटकर उसे तिकोने टुकड़ों में काट लें.

पैन में घी गर्म करें और ब्रेड को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. अलग बर्तन में चीनी और पानी से हल्की चाशनी तैयार करें. ब्रेड को करीब एक मिनट चाशनी में डुबोकर निकालें. ऊपर से रबड़ी, कटे काजू-बादाम या पिस्ता डालकर परोसें. कम सामान में तैयार होने वाली यह मिठाई देखने में भी काफी अच्छी लगती है.

सूजी का हलवा है सबसे आसान विकल्प
त्योहार पर घर की बनी गर्म मिठाई का अलग स्वाद सूजी का हलवा ऐसा विकल्प है, जिसके लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. कड़ाही में घी गर्म करके सूजी डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. जब सूजी से अच्छी खुशबू आने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब इसमें गर्म पानी या दूध धीरे-धीरे डालें. मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें. अब स्वाद के अनुसार चीनी और इलायची पाउडर डालें. ऊपर से काजू और बादाम डालकर कुछ मिनट पकाएं. गरमागरम हलवा परोसते समय थोड़े ड्राई फ्रूट्स डालेंगे तो इसका स्वाद और बेहतर लगेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बिना मावा बनाएं पनीर के पेड़े
अगर घर में पनीर और मिल्क पाउडर है, तो बाजार से पेड़े लाने की जरूरत नहीं है. ताजा पनीर को अच्छी तरह मैश या कद्दूकस कर लें. इसे मिल्क पाउडर और पिसी चीनी के साथ एक पैन में डालें.

धीमी आंच पर करीब 5 से 7 मिनट तक मिश्रण पकाएं. इसे लगातार चलाते रहें ताकि नीचे न लगे. मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इलायची पाउडर मिला दें. गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने दें. अब छोटे-छोटे पेड़े बनाकर ऊपर से पिस्ता या बादाम लगाएं. त्योहार की थाली में ये पेड़े काफी आकर्षक लगेंगे.

सेवई की खीर से करें मीठी शुरुआत
रक्षाबंधन पर सेवई की खीर भी आसानी से बनाई जा सकती है. एक गहरे बर्तन में थोड़ा घी गर्म करके सेवई को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें दूध डालकर उबाल आने दें. धीमी आंच पर पकाते रहें, जब तक सेवई नरम न हो जाए और दूध थोड़ा गाढ़ा न लगे. इसके बाद चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालें. किशमिश भी मिला सकते हैं. करीब 5 मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें. इसे गर्म परोसें या ठंडा करके मेहमानों को दें.



Source link

Write A Comment