नोएडा और आसपास के इलाकों में रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (FNG) एक्सप्रेसवे पर पर्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे अब 6 लेन का अंडरपास बनाया जाएगा। लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी, क्योंकि पर्थला गोलचक्कर पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है। अब प्राधिकरण ने इस योजना को मंजूरी देकर इसके निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, पर्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे बनने वाले इस अंडरपास की लंबाई करीब 710 मीटर होगी। इसे बनाने में लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अंडरपास में दोनों दिशाओं के लिए तीन-तीन लेन होंगी। यानी कुल छह लेन के जरिए वाहन छिजारसी से सोरखा और सोरखा से छिजारसी की तरफ आसानी से आ-जा सकेंगे। इससे एफएनजी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और पर्थला गोलचक्कर पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
इस साल के अंत तक शुरू हो सकता है काम
अंडरपास के निर्माण की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। प्राधिकरण की सलाहकार एजेंसी डिम्टस इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगी। इसके बाद रिपोर्ट की तकनीकी जांच आईआईटी से कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अगर प्रक्रिया तय समय पर आगे बढ़ती है तो अगले एक महीने के भीतर टेंडर जारी किया जा सकता है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। संभावना है कि इस साल के अंत तक अंडरपास का निर्माण शुरू हो जाएगा।
18 महीने में पूरा होगा निर्माण
अंडरपास का निर्माण शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब 18 महीने का समय लग सकता है। यानी काम तय योजना के अनुसार चला तो करीब डेढ़ साल में लोगों को इसका फायदा मिलने लगेगा।
इन इलाकों के लोगों को होगा बड़ा फायदा
पर्थला गोलचक्कर पर ट्रैफिक कम होने से सेक्टर-66, 71, 121, 122, छिजारसी, किसान चौक, सोरखा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पीक आवर्स में पुलिसकर्मियों को वाहनों को रोक-रोककर ट्रैफिक चलाना पड़ता है। भविष्य में नोएडा से हरियाणा तक एफएनजी कॉरिडोर का काम पूरा होने के बाद यहां वाहनों की संख्या और बढ़ सकती है। ऐसे में नया अंडरपास ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने में अहम भूमिका निभाएगा।
सिग्नेचर ब्रिज से अलग होगा अंडरपास का रास्ता
पर्थला सिग्नेचर ब्रिज अभी सेक्टर-72 स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर की ओर से किसान चौक की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए उपयोगी है। वहीं, नया अंडरपास छिजारसी और सोरखा के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए बनाया जाएगा।