दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने ऑपरेशन विस्टा 1.0 (वीजा स्टेटस वेरिफिकेशन) के तहत वीजा शर्तों का उल्लंघन करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। दोनों नागरिक डबल-एंट्री वीजा पर भारत आए थे और उन्हें प्रत्येक यात्रा के दौरान अधिकतम 15 दिन तक भारत में रहने की अनुमति थी। जांच में दोनों निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके पाए गए। पकड़े गए विदेशी नागरिकों की पहचान जोमिर हुसैन और मक्सूदा अख्तर के रूप में हुई है।

फॉरेनर सेल की टीम ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न होटल और गेस्ट हाउस में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। इसी दौरान अराकाशन रोड, नबी करीम स्थित एक होटल में 25 वर्षीय जोमिर हुसैन, निवासी बांग्लादेश, मिला। जांच में सामने आया कि वह 9 जुलाई 2026 को भारत आया था।

इसके बाद टीम ने चांदी वालान मेन बाजार, पहाड़गंज स्थित एक अन्य होटल में 39 वर्षीय मक्सूदा अख्तर, निवासी ढाका, बांग्लादेश, को पकड़ा। मक्सूदा अख्तर 27 जुलाई 2026 को भारत आई थी।

दस्तावेजों की जांच में सामने आया वीजा उल्लंघन

पुलिस टीम ने दोनों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य यात्रा दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों से पुष्टि हुई कि दोनों को डबल-एंट्री वीजा के तहत प्रत्येक यात्रा में अधिकतम 15 दिनों तक भारत में रहने की अनुमति थी। हालांकि, दोनों निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रहे थे।

यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा की निगरानी में की गई। अभियान में एसआई ओमबीर सिंह त्यागी, एसआई सतीश, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, योगेश, विकास, मनीष, कांस्टेबल लोकेश और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।

FRRO ने जारी किया रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर

पूछताछ और यात्रा दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दोनों विदेशी नागरिकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के समक्ष पेश किया गया। FRRO ने दोनों के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी करते हुए उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर, शाहजादा बाग, सराय रोहिल्ला, दिल्ली में रखने के निर्देश दिए।

निर्वासन की प्रक्रिया तक डिटेंशन सेंटर में रहेंगे

दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासन से संबंधित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी नागरिकों के वीजा और ठहरने की शर्तों के अनुपालन की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें-

मुंबई में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी का सफर हुआ महंगा, आज से लागू होंगी नई दरें

दिल्ली में आज बरसेंगे बादल, 15 से ज्यादा राज्यों में आंधी और लैंडस्लाइड का अलर्ट





Source link

Write A Comment