Dal Vada Recipe: साउथ इंडियन खाना पसंद करने वालों के लिए इडली और डोसा तो आम पसंद हैं, लेकिन दाल वड़ा भी ऐसा स्नैक है जिसका स्वाद एक बार जुबान पर चढ़ जाए तो बार-बार खाने का मन करता है. बाहर से सुनहरा और कुरकुरा, जबकि अंदर से दाल और मसालों की खुशबू से भरा यह वड़ा चाय के साथ भी अच्छा लगता है और टमाटर की चटनी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास तरह की मशीन या बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
घर में रखी चना दाल और कुछ सामान्य मसालों से स्वादिष्ट वड़े तैयार किए जा सकते हैं, अगर शाम को कुछ चटपटा खाने का मन हो या नाश्ते में रोज की चीजों से अलग कुछ बनाना हो, तो यह रेसिपी आजमाई जा सकती है. बस दाल की सही तैयारी और तलने के तरीके का ध्यान रखना जरूरी है.
दाल वड़ा बनाने के लिए सामग्री
दाल वड़ा बनाने के लिए आपको 1 कप चना दाल, 2 इंच अदरक, 6 से 8 लहसुन की कलियां, 1 से 2 हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया, आधा छोटा चम्मच सौंफ और आधा छोटा चम्मच साबुत काली मिर्च चाहिए. इसके अलावा 1 बारीक कटा प्याज, स्वादानुसार नमक, थोड़े करी पत्ते, एक मुट्ठी हरा धनिया, 1 बड़ा चम्मच चावल का आटा, 1 बड़ा चम्मच गरम तेल और एक चुटकी हींग रखें.
चना दाल को ऐसे करें तैयार
सबसे पहले चना दाल को दो-तीन बार साफ पानी से धोकर 7 से 8 घंटे के लिए भिगो दें. रात में भिगोकर रखने से अगली सुबह इसे तैयार करना आसान रहता है. दाल भीगने के बाद इसका पानी अच्छी तरह निकाल लें. अब दाल का एक छोटा हिस्सा अलग रख दें और बाकी दाल को मिक्सर में डालें. इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर दरदरा पीसें. यहां एक बात का ध्यान रखें कि दाल को बिल्कुल महीन पेस्ट न बनाएं. वड़े की अच्छी बनावट के लिए मिश्रण थोड़ा दरदरा रहना चाहिए.
(इमेज AI)
मसालों से आएगा असली स्वाद
एक छोटे पैन में जीरा, साबुत धनिया, सौंफ और काली मिर्च को हल्का भून लें. जब मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इन्हें ठंडा करके हल्का दरदरा पीस लें. बहुत बारीक पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है. अब पिसी हुई दाल को बड़े बाउल में निकालें. इसमें बची हुई साबुत चना दाल, भुने मसालों का मिश्रण, प्याज, करी पत्ता, हरा धनिया, नमक, चावल का आटा और हींग डालें. सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिलाएं. आखिर में एक बड़ा चम्मच गरम तेल डालकर मिश्रण को फिर से मिला लें. चावल का आटा वड़े को कुरकुरा बनाने में मदद करता है.
वड़े का आकार और तलने का सही तरीका
अब हाथों पर हल्का पानी लगाकर मिश्रण का एक हिस्सा लें और गोल करें. हथेलियों के बीच हल्का दबाकर इसे चपटा आकार दें. इसी तरह सारे वड़े तैयार कर लें. कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म न हो, वरना वड़े ऊपर से जल्दी रंग पकड़ लेंगे और अंदर से ठीक से नहीं पकेंगे. तेल गर्म होने पर वड़े डालें और मध्यम आंच पर धीरे-धीरे सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. एक साथ बहुत ज्यादा वड़े डालने से तेल का तापमान गिर सकता है, इसलिए जरूरत के हिसाब से बैच में तलना बेहतर रहेगा.
(इमेज AI)
टमाटर की चटनी के साथ करें सर्व
गरमागरम दाल वड़े को टमाटर की चटनी, नारियल चटनी या हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है, अगर शाम की चाय के साथ कुछ अलग खाने का मन हो, तो यह एक अच्छा विकल्प बन सकता है. घर में बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च की मात्रा कम रख सकते हैं. दाल वड़े की खासियत यही है कि इसमें स्वाद के साथ कुरकुरापन भी मिलता है. सही तरीके से दाल भिगोने और दरदरा पीसने पर इसका टेक्सचर काफी अच्छा आता है. अगली बार नाश्ते में कुछ नया बनाने का मन हो, तो इस आसान साउथ इंडियन स्टाइल दाल वड़ा रेसिपी को जरूर आजमाकर देखें.