Last Updated:

Kaju Peda Recipe:जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए घर पर झटपट काजू-पिस्ता पेड़ा तैयार कर सकते हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए गैस, मावा या चाशनी की जरूरत नहीं पड़ती है. काजू और पिस्ता को बारीक पीसकर इसमें मिल्क पाउडर और थोड़ा दूध डालकर नरम आटा गूंथ लें. स्वाद के लिए इलायची पाउडर और थोड़ा शहद या पिसी चीनी मिला सकते हैं. मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पेड़े का आकार दें और ऊपर पिस्ता लगाएं. महज 15 मिनट में स्वादिष्ट नो-कुक पेड़ा तैयार है.

जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए अगर आप बर्फी से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो झटपट बनने वाला काजू-पिस्ता पेड़ा ट्राई करें. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए गैस ऑन करने की जरूरत नहीं है. काजू और पिस्ता से तैयार यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ घर पर आसानी से बन जाती है. बच्चों को भी इसका स्वाद खूब पसंद आएगा. त्योहार के मौके पर बाजार की मिठाई के बजाय घर पर बने इन पेड़ों से भोग लगाएं और परिवार के साथ इसका आनंद ले सकते हैं. ( प्रतीकात्मक फोटो )

काजू-पिस्ता पेड़ा बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती है. इसके लिए 1 कप काजू, 1 कप मिल्क पाउडर, आधा से तीन-चौथाई कप मिश्री पाउडर, 4-6 इलायची, 3-5 बड़े चम्मच दूध और एक-चौथाई कप पिस्ता लें. जहां पेड़े को आकार देने के लिए हाथों पर लगाने के लिए थोड़ा घी रखें. सभी सामग्री आसानी से घर में मिल जाती है. इन चीजों की मदद से बिना गैस जलाए स्वादिष्ट और सॉफ्ट काजू-पिस्ता पेड़े तैयार किए जा सकते हैं. ( प्रतीकात्मक फोटो )

सबसे पहले काजू को मिक्सर में डालकर पल्स मोड पर बारीक पीस लें. काजू को एक साथ पीसने के बजाय दो बैच में पीसें, ताकि इससे तेल न निकले. इसके बाद तैयार काजू पाउडर को छान लें. अब इसमें मिल्क पाउडर, मिश्री पाउडर और कुटी हुई इलायची डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद मिश्रण में धीरे-धीरे करीब 3 बड़े चम्मच दूध डालें और लगातार मिलाते रहें. ध्यान रखें कि दूध एक साथ न डालें. मिश्रण को तब तक गूंथें, जब तक यह नरम आटे जैसा न हो जाए और आसानी से आकार देने लायक बन जाए. ( प्रतीकात्मक फोटो )

Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर मिश्रण चिपचिपा लगे तो हाथों पर थोड़ा घी लगाकर इसे अच्छी तरह गूंथें. वहीं, यदि मिश्रण ज्यादा सूखा नजर आए तो जरूरत के अनुसार 1 से 2 बड़े चम्मच दूध और मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि तैयार मिश्रण की कंसिस्टेंसी रोटी के आटे जैसी नरम होनी चाहिए. जब मिश्रण सही तरह से तैयार हो जाए, तो इसे चिकनी सतह पर रखें और दो बराबर हिस्सों में बांट लें. इससे पेड़े को आकार देना आसान होगा और सभी पेड़े एक जैसे बनेंगे. ( प्रतीकात्मक फोटो )

पिस्ते को मिक्सर में बारीक पीसकर आटे के एक हिस्से में अच्छी तरह मिला दें. इसमें करीब डेढ़ चम्मच दूध डालकर नरम और मुलायम पिस्ता फ्लेवर वाला आटा गूंथ लें. अब पिस्ता वाले आटे की छोटी-सी गोल लोई बनाएं. इसे काजू वाले आटे के एक हिस्से से चारों तरफ से अच्छी तरह कवर करें. हाथों की मदद से इसे गोल आकार देते हुए चिकना और टाइट पेड़ा तैयार करें. इसी तरह बाकी पेड़े भी बना लें. ( प्रतीकात्मक फोटो )

इसी तरह बचे हुए मिश्रण से भी सभी पेड़े तैयार कर लें. पेड़ों को एक प्लेट या ट्रे में रखकर करीब 10 मिनट के लिए सेट होने दें, ताकि उनका आकार अच्छी तरह बरकरार रहे. इसके बाद आप चाहें तो पेड़ों को बीच से काटकर सर्व कर सकते हैं. काटने पर अंदर काजू और पिस्ते की खूबसूरत लेयर्स साफ नजर आएंगी, जो मिठाई को बेहद आकर्षक बनाती हैं। तैयार काजू-पिस्ता पेड़े स्वादिष्ट होने के साथ देखने में भी बेहद खूबसूरत लगेंगे. ( प्रतीकात्मक फोटो )

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment