Highlights

  • 14 मौतों के बाद कौशांबी में आरोपी शकील के पांच कमरों वाले मकान पर चला बुलडोजर।
  • मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी शकील पुलिस की गिरफ्त में आया।
  • गिरफ्तारी के बाद शकील ने मृतकों के परिवारों से हाथ जोड़कर माफी मांगी।

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस और प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। हादसे में 14 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील के घर पर बुलडोजर चला दिया। महमूदपुर मनौरी गांव में बने उसके 5 कमरों के मकान को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने फरार चल रहे शकील को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में शकील मृतकों के परिवारों से हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया।

पहले पटाखा गोदाम, फिर आरोपी के घर पर बुलडोजर

कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर के पास पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को महमूदपुर मनौरी गांव में प्रशासन ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील के 5 कमरों वाले मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि यह मकान लाखों रुपये की लागत से बना था। प्रशासन के मुताबिक, मकान का नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से इसे अवैध घोषित किए जाने के बाद बुलडोजर कार्रवाई की गई।

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के आरोपी परिवार का पैतृक मकान था

मकान गिराए जाने के दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही। कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी जुटे रहे और इलाके में काफी देर तक हड़कंप का माहौल रहा। आरोपी परिवार का यह पैतृक मकान बताया जा रहा है। पहले नौशाद का परिवार भी इसी मकान में रहता था। बाद में नौशाद अपने अलग मकान में चला गया। इसके बाद उसका भाई शकील अपने परिवार के साथ इसी घर में रहने लगा था। अब इसी मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

मुठभेड़ के बाद 50 हजार का इनामी शकील हुआ गिरफ्तार

बुलडोजर कार्रवाई के बाद पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी शकील को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 50 हजार रुपये के इनामी शकील की मुठभेड़ हुई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद से ही शकील फरार था। अब उसकी गिरफ्तारी के साथ ही मामले में आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। एनकाउंटर के बाद सामने आए एक वीडियो में शकील मृतकों के परिवारों से माफी मांगता नजर आ रहा है। शकील वीडियो में कहता है,

‘मेरे घर द्वार भी गिर गए हैं। मेरे बच्चे भी सब इधर उधर हो गए हैं। उन सब लोगों से मैं हाथ जोड़ता हूं जिनके घर के लोग मरे हैं। मुझे माफ कर दें।’

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट केस में अब तक क्या-क्या हुआ?

कौशांबी के चर्चित पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। कार्रवाई के दौरान पटाखा गोदाम पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसके बाद आरोपी शकील अहमद के घर को ध्वस्त किया गया। वहीं, नौशाद के बेटे आदिल के आलीशान मकान पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई। मामले के मुख्य आरोपी नौशाद समेत 4 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का दावा है कि पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें: कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी नौशाद





Source link

Write A Comment