Last Updated:

Malpua Special Recipe: फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने गेहूं के आटे से जालीदार मालपुए बनाने की विधि बताई है. ये मालपुए बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं, जिन्हें खीर के साथ परोसने पर स्वाद और भी बढ़ जाता है.

ख़बरें फटाफट

Special Recipe: मालपुए का नाम सुनते ही त्योहार, पूजा और घर में बनने वाली पारंपरिक मिठाइयों की याद आ जाती है. आमतौर पर मालपुए मैदा या सूजी से बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप घर पर कुछ देसी और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो गेहूं के आटे से बने जालीदार मालपुए जरूर ट्राई कर सकते हैं. ये मालपुए बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं. इन्हें गर्मागर्म खीर के साथ परोसा जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि घर ओर आसान तरीके से गेहूं के मालपुए बनाए जा सकते हैं. यह खाने में बहुत स्वादिष्ट होते हैं.

फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया गेहूं के आटे से मालपुए बनाने के लिए 1 कप गेहूं का आटा, 3/4 कप शक्कर या गुड़, 2 छोटे चम्मच दही, 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 8-10 काली मिर्च, 8-10 दाने सौंफ, 2 चुटकी नारंगी फूड कलर, घी तलने के लिए और जरूरत के अनुसार पानी की आवश्यकता होती है. सामग्री की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा भी कर सकते हैं.

सबसे पहले तैयार करें मालपुए का घोल
फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया गेहूं के मालपुए बनाने के लिए सबसे पहले एक चौड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें शक्कर, इलायची पाउडर, काली मिर्च और सौंफ डालें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसका पतला और अच्छी तरह घुला हुआ घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल में आटे की गांठें नहीं रहनी चाहिए. अगर आप शक्कर की जगह गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं तो गुड़ को पहले गर्म पानी में डालकर कुछ देर छोड़ दें. जब गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो इसे ठंडा होने दें. इसके बाद गुड़ के पानी को छानकर आटे के घोल में मिलाएं. अब इसमें दही और नारंगी फूड कलर डालकर अच्छी तरह मिला लें.

दो घंटे के लिए रखें, फिर घी में तलें
घोल तैयार होने के बाद इसे ढककर करीब दो घंटे के लिए रख दें. इससे मालपुए का घोल अच्छी तरह तैयार हो जाता है और तलने के बाद मालपुओं की बनावट भी बेहतर आती है. दो घंटे बाद घोल को एक बार फिर अच्छी तरह फेंट लें. अब कड़ाही में घी गर्म करें. घी गर्म होने के बाद बड़े चम्मच की मदद से घोल को कड़ाही में गोल आकार में डालें. मालपुए को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें. जब मालपुआ अच्छी तरह सिक जाए तो इसे निकालकर अतिरिक्त घी निकलने दें. इसी तरह सारे मालपुए तैयार कर लें.

खीर के साथ परोसें, स्वाद हो जाएगा दोगुना
तैयार जालीदार मालपुओं को गर्मागर्म परोसें. इन्हें खीर के साथ खाने का स्वाद सबसे खास लगता है. अगर आप मालपुओं में नारंगी रंग नहीं डालना चाहती हैं तो फूड कलर को पूरी तरह छोड़ सकती हैं. बिना फूड कलर के भी मालपुए स्वादिष्ट बनेंगे. घर में त्योहार या किसी खास मौके पर यह पारंपरिक मिठाई मेहमानों को भी जरूर पसंद आएगी

About the Author

Jagriti Dubey

मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment