टीवी के पॉपुलर कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गोली का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले कुश शाह अब अपनी जिंदगी के एक नए पड़ाव पर पहुंच गए हैं। शो में लंबे समय तक गुलाब कुमार हाथी यानी गोली की भूमिका निभाने वाले कुश ने एक्टिंग से अलग अब डिजिटल दुनिया में कदम रखा है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जहां वह अपने लिए बिल्कुल अलग तरह का कंटेंट तैयार कर रहे हैं।

16 साल तक गोली बनकर जीता दर्शकों का दिल

कुश शाह ने साल 2008 में शुरू हुए ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। वह शो के बच्चों के मशहूर ग्रुप ‘टप्पू सेना’ का अहम हिस्सा रहे। उनका गोली वाला अंदाज, खाने के प्रति प्यार और दोस्तों के साथ उनकी मस्ती दर्शकों को खूब पसंद आती थी। करीब 16 साल तक इस किरदार को निभाने के बाद कुश ने 2024 में शो को अलविदा कह दिया। कुश के शो छोड़ने की खबर ने उस समय फैंस को काफी भावुक कर दिया था। प्रोडक्शन कंपनी नीला टेलीफिल्म्स की ओर से जुलाई 2024 में उनके शो से अलग होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में अभिनेता ने भी इसे अपने लिए आसान फैसला नहीं बताया और कहा था कि लंबे समय तक साथ रहे कलाकारों और टीम से अलग होना उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल था।

यहां देखें वीडियो

अब यूट्यूब पर दिखेगा गोली का नया अंदाज

पढ़ाई पूरी करने के बाद कुश ने अब अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है। खास बात यह है कि उन्होंने शुरुआत किसी सामान्य व्लॉग से नहीं, बल्कि ऐसे कंटेंट से की है जिसमें लोगों के साथ सीधे जुड़ने की कोशिश नजर आती है। कुश को खाना बनाने का शौक है और इसी हॉबी को उन्होंने अपने नए डिजिटल सफर का हिस्सा बनाया है। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर अपने नए वीडियो की झलक दिखाई। कुश मुंबई की सड़कों पर घूमते नजर आए और वहां मिलने वाले लोगों से एक खास ऑफर रखा। उन्होंने लोगों से कहा कि वह उनके घर जाकर उनके लिए खाना बनाना चाहते हैं और फिर उन्हें अपने हाथों से बना खाना खिलाना चाहते हैं।

सड़क पर लोगों को दिया अनोखा ऑफर

वीडियो में कुश कई लोगों से बात करते दिखाई दिए। कुछ लोगों से बात करने में वह खुद भी थोड़े संकोच में नजर आए, जबकि कई लोग उन्हें देखकर काफी उत्साहित हो गए। आखिरकार उन्हें एक ऐसा परिवार मिल गया, जिसने उन्हें अपने घर आने और खाना बनाने की इजाजत दी। इसके बाद कुश उस घर पहुंचे और वहां अपने हाथों से खाना तैयार किया। उन्हें अपने बीच देखकर आसपास के लोग और बच्चे भी काफी खुश नजर आए। कई बच्चों ने उन्हें पहचानते हुए ‘गोली-गोली’ कहकर चीयर किया। कुश का यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है।

फैंस बोले- हमारे घर कब आओगे?

कुश का यह नया आइडिया फैंस के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उनके वीडियो पर लोग कमेंट करके पूछ रहे हैं कि वह उनके घर कब खाना बनाने आएंगे। कुश के पुराने को-स्टार्स ने भी उनके इस नए सफर पर प्यार जताया है। शो में सोनू का किरदार निभा चुकीं झील मेहता और पलक सिंधवानी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए उनसे अपने घर आने की बात कही। कुश ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि दर्शकों ने उन्हें इतने वर्षों तक प्यार दिया है और अब वह अपने तरीके से उन्हें कुछ लौटाना चाहते हैं। उनके लिए खाना बनाना सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि उनकी पसंद और हॉबी भी है। यही वजह है कि उन्होंने अपने नए चैनल की शुरुआत इसी दिलचस्प कॉन्सेप्ट के साथ की है।

पढ़ाई के लिए न्यू यॉर्क चले गए थे कुश

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से विदाई लेने के बाद कुश शाह आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। उन्होंने न्यू यॉर्क में इंटरनेशनल रिलेशंस की पढ़ाई की। शो से निकलने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। एक ऐसे कलाकार के लिए, जिसने बचपन से ही टीवी इंडस्ट्री में काम किया हो, अचानक पढ़ाई और एक नई जगह पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश करना किसी चुनौती से कम नहीं था। कुश ने अलग-अलग मौकों पर पॉडकास्ट और पब्लिक इवेंट्स में इस बदलाव से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि यह दौर उनके लिए काफी बड़ा लाइफ चेंज था और इस दौरान उन्हें जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने का मौका मिला।

ये भी पढ़ें:  श्रद्धा कपूर की वेकेशन तस्वीरों में दिखा प्यार का रंग, बॉयफ्रेंड राहुल मोदी संग एक्ट्रेस बिता रहीं क्वालिटी टाइम





Source link

Write A Comment