आंध्र प्रदेश सरकार ने गणेश उत्सव मनाने वाले आयोजकों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। सरकार ने कहा है कि गणेश उत्सव के लिए लगाए जाने वाले सभी पंडालों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। राज्य के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। मंत्री लोकेश ने बताया कि गणेश चतुर्थी पर पूरे आंध्र प्रदेश में लगाए जाने वाले गणेश पंडाल लगाने वालों को बिजली के लिए किसी तरह का भुगतान नहीं करना होगा। सरकार के इस फैसले से पंडालों की सजावट और रोशनी पर होने वाले खर्च में आयोजकों को बड़ी राहत मिलेगी।

महाराष्ट्र सरकार का भी बड़ा फैसला


गणेश चतुर्थी से पहले गणेश उत्सव को लेकर आंध्र प्रदेश के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी श्रद्धालुओं के लिए राहत का ऐलान किया है। महाराष्ट्र के PWD मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोंसले ने बताया था कि गणेश उत्सव के दौरान मुंबई से कोंकण जाने वाले लोगों को कुछ प्रमुख मार्गों पर टोल टैक्स नहीं देना होगा।

यात्रियों के बचेंगे पैसे

मुंबई से कोंकण जाने वाले गोवा हाईवे और पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर 11 सितंबर से 27 सितंबर तक टोल वसूली बंद रहेगी। इसका फायदा उन परिवारों को मिलेगा जो गणेश उत्सव के लिए सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और कोंकण क्षेत्र में अपने पैतृक गांवों की ओर जाते हैं। टोल में छूट मिलने से यात्रियों के करीब 650 से 700 रुपये तक बच सकेंगे। इसके अलावा टोल प्लाजा पर वाहनों की संख्या कम होने से त्योहार के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।

 





Source link

Write A Comment