राजस्थान की राजधानी जयपुर में मर्सिडीज कार से एक युवक के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सेंट्रल पार्क इलाके से दो युवकों ने नकली पिस्टल और चाकू दिखाकर युवक को कार में बैठाया। इसके बाद कार आमेर इलाके में दिल्ली रोड पर पहुंची, जहां एक बाइक को टक्कर लगने के बाद कार रुक गई। इसी दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। SHO आमेर राजेंद्र गोदारा भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मर्सिडीज कार की तलाशी ली तो उसमें से एक नकली पिस्टल और चाकू बरामद हुआ।
खुद ही कार चला रहा था पीड़ित
बताया जा रहा है कि जिस युवक के अपहरण की कोशिश की गई, वह CA है। कार में दो आरोपी मौजूद थे, जो घटना के बाद मौके से भाग निकले। किडनैपर के साथ पीड़ित खुद ही गाड़ी चलाकर जा रहा था। हड़बड़ाहट में आमेर में बाइक को टक्कर मार दी और गाड़ी रुक गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए अशोक नगर थाने पहुंचा है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह घटना किसी तरह का मजाक या आपसी विवाद का हिस्सा तो नहीं थी। मर्सिडीज कार, बरामद नकली पिस्टल और चाकू को जांच का हिस्सा बनाया गया है। आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस घटना के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने घर के बाहर से उठाई बाइक
इससे पहले जयपुर से एक खबर आई थी, जहां चोरी की बाइक बरामद करने की पुलिस कार्रवाई पर ही सवाल खड़े हो गए। मामला गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर का है, जहां 2 सितंबर को वाहन चोरी के मामले में दो संदिग्धों को पकड़ने के बाद पुलिस टीम जांच और बरामदगी के लिए पहुंची थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी कुछ युवकों के साथ रात में लोडिंग टेंपो लेकर राजेंद्र शर्मा के घर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक उठाकर ले गए। बाद में इसी बाइक को झाड़ियों से बरामद दिखाने की बात सामने आई।
ये भी पढ़ें-
सत्य निकेतन PG बिल्डिंग हादसे में बड़ा खुलासा, 100 मीटर दूर था संचालक, फिर भी मौके पर नहीं पहुंचा
दिव्यांग से स्नैचिंग, व्हीलचेयर पर पीछा करता रहा पीड़ित, CCTV में देखें घटना