पटना में गंगा और पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने दीदारगंज इलाके में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नेशनल हाईवे के फोरलेन के किनारे का बड़ा इलाका पूरी तरह पानी में डूब चुका है। बाढ़ का पानी ट्रैक्टर वेयरहाउस से लेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर तक पहुंच गया है। हजारों ट्रैक्टर पानी में डूब गए हैं, जबकि दर्जनों हाईवे ट्रक, जनरेटर ,छड़ ,सीमेंट,सामान भी जलमग्न हो गया है। हालांकि गुरुवार को पुनपुन नदी के जलस्तर में कुछ कमी आने के बाद वेयरहाउस से ट्रैक्टरों को निकालने का काम शुरू किया गया है।

पटना के दीदारगंज इलाके में चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। गंगा और पुनपुन नदी के जलस्तर बढ़ने के बाद नेशनल हाईवे के किनारे का बड़ा हिस्सा बाढ़ की चपेट में आ गया। अचानक पानी बढ़ने से आसपास के कई गांवों में भी बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। लोगों को घर से बाहर निकलने और एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी परेशानी हो रही है।

बाढ़ की चपेट में ट्रैक्टर वेयरहाउस और रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी

बाढ़ की चपेट में सबसे ज्यादा नुकसान ट्रैक्टर वेयरहाउस और रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी में दिखाई दे रहा है। वेयरहाउस में खड़े हजारों ट्रैक्टर पानी में डूब गए। वहीं सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले दर्जनों हाईवे ट्रक भी पानी में फंसे हुए हैं। कंस्ट्रक्शन कंपनी का जनरेटर, सड़क बनाने का मटेरियल और स्टोर रूम भी पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। कंपनी को बाढ़ से भारी नुकसान की आशंका है।

पानी से निकाले जा रहे ट्रैक्टर्स

हालांकि गुरुवार को पुनपुन नदी के जलस्तर में कुछ कमी आई है। इसके बाद वेयरहाउस में डूबे ट्रैक्टरों को पानी से बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी गई है। लोग और कर्मचारी पानी के बीच अपने सामान को सुरक्षित करने में जुटे हैं। उधर, जिला प्रशासन की तरफ से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित लोगों के लिए कम्युनिटी किचन चलाया जा रहा है। पशुओं के लिए भी चारे की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं समाजसेवी भी अपने स्तर से बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। कहीं बिस्कुट तो कहीं चॉकलेट और दूसरी खाद्य सामग्री बांटी जा रही है। लेकिन राहत सामग्री लेने के दौरान कई जगह अफरा-तफरी की स्थिति बन जा रही है। बड़ी संख्या में लोग एक साथ सामान लेने पहुंच रहे हैं, जिससे समाजसेवियों को राहत सामग्री बांटने में परेशानी हो रही है। फिलहाल प्रशासन की कोशिश है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं लगातार पहुंचती रहें। वहीं पानी में डूबे ट्रैक्टर  को सुरक्षित निकालने की कोशिश भी जारी है।

रिपोर्टः बिट्टू कुमार

ये भी पढ़ेंः पटना में बाढ़ से हाहाकार! दीघा की बिंद टोली जलमग्न, 1500 परिवार बेघर होकर सड़क पर रहने को मजबूर

बिहार में बाढ़ के बीच भागलपुर के प्रभारी सचिव ने राहत शिविरों का किया औचक निरीक्षण, दिए अहम निर्देश





Source link

Write A Comment