कानपुर: मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रेलबाजार थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवती को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 किलो 295 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती ओडिशा के भुवनेश्वर से गांजे की खेप लेकर कानपुर पहुंची थी। यहां उसे यह खेप एक अज्ञात व्यक्ति को डिलीवर करनी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती पहले भी ओडिशा से इस तरह की खेप लाने की बात कबूल कर चुकी है। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच और कॉल डिटेल के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
वहीं, आपको बता दें कि इस घटना से कुछ दिन पहले कानपुर में करीब 15 लाख के गांजे के साथ एक युवक को पकड़ा गया था।
पुल के पास चेकिंग में संदिग्ध हरकत से हुआ शक
रेलबाजार थाना पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी अमान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शिव नारायण टंडन पुल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैराशूट फैक्ट्री की ओर से एक युवती ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग लेकर आती दिखाई दी। पुलिस का कहना है कि जैसे ही युवती की नजर चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर पड़ी, वह घबरा गई और अचानक पीछे मुड़कर वहां से निकलने का प्रयास करने लगी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे घेरकर रोक लिया। और जब उसकी चेकिंग की तो सारा पुलिस महकमा सकते में पड़ गया।
बैग खुला तो मिले टेप से पैक किए 4 पैकेट
पुलिस के मुताबिक, युवती के ट्रॉली बैग की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग के भीतर भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटे चार पैकेट मिले। पुलिस का कहना है कि पैकेटों से गांजे जैसी तेज गंध आ रही थी। जांच और वजन कराने पर पैकेटों में मौजूद मादक पदार्थ की कुल मात्रा 8.295 किलोग्राम निकली। इसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
शाहजहांपुर की रहने वाली, नोएडा में करती है हाउसकीपिंग
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवती की पहचान 22 वर्षीय चांदनी जोशी, पत्नी विशाल, निवासी अजीतगंज, थाना कोतवाली, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह फिलहाल नोएडा में हाउसकीपिंग का काम करती है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में चांदनी ने बताया कि वह ओडिशा के भुवनेश्वर से गांजे की खेप लेकर कानपुर पहुंची थी। उसे यह माल शहर में किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंपना था। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसे गांजे की यह खेप पहुंचाई जानी थी।
ACP बोलीं- मोबाइल से खुल सकती हैं नेटवर्क की कड़ियां
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कैंट डॉ. प्रियंका बाजपेई ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध युवती को ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 8 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है। एसीपी के मुताबिक, पूछताछ में युवती ने ओडिशा से गांजे की खेप लाने और कानपुर में इसकी डिलीवरी किए जाने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, युवती ने यह भी बताया है कि वह पहले एक-दो बार इसी तरह ओडिशा से माल ला चुकी है।
नाबालिग उम्र में भी चोरी के मामले में गई थी जेल
डॉ. प्रियंका बाजपेई ने बताया कि युवती के आपराधिक इतिहास की भी जांच की गई है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 के आसपास नाबालिग रहने के दौरान उसके खिलाफ घर में चोरी का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें बाद में वह छूट गई थी, अब पुलिस ने उसके पास से बरामद मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। कॉल डिटेल और मोबाइल डेटा का विश्लेषण कर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ओडिशा में गांजा सप्लाई करने वाला व्यक्ति कौन है और कानपुर में इसकी डिलीवरी लेने वाला मुख्य रिसीवर कौन था।
सप्लायर से रिसीवर तक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस की जांच अब केवल गांजे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी युवती किन लोगों के संपर्क में थी। पुलिस का मानना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल और डेटा एनालिसिस से ओडिशा के सप्लायर और कानपुर के रिसीवर तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, कोर्ट में पेशी
रेलबाजार पुलिस ने चांदनी जोशी के खिलाफ मु.अ.सं. 149/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानपुर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बरामदगी के इस मामले में पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है, ताकि गांजे की सप्लाई करने और इसे खपाने वाले लोगों तक पहुंचा जा सके।
(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में पुलिस को मिले नए सुराग, घर वालों पर ही शक की सुई
Video: पुलिस गुनाहों का हिसाब दे रही थी, गांजा तस्कर मूछों पर ताव दे रहे थे, गायब दिखा वर्दी का खौफ