नागपुर के यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पाहुने लेआउट, पिवली नदी परिसर में एक बुजुर्ग ससुर ने बहू की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बेटे की मौत के बाद पिता को शक था कि उसकी बहू काला जादू जानती है। इसे लेकर रोजान घर में घरेलू विवाद होता था। शनिवार को मौका मिलते ही 70 साल के बुजुर्ग नाथूलाल पाली ने अपनी 40 साल की बहू लक्ष्मी रविशंकर पाली की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद ससुर ने हत्या के बाद पकड़े जाने और सजा के डर से घर के पीछे बने कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बहू की हत्या के बाद कुएं में कूद गया ससुर
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ससुर को अपनी बहू पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके चलते वह उससे नाराज था। शनिवार को जब घर पर कोई नहीं था, बहू कपड़ा धो रही थी तो ससुर ने कुल्हाड़ी से उसपर हमला करर दिया। अचानक किए गए कुल्हाड़ी के वार से लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बहू की मौत के बाद आरोपी ससुर नाथूलाल ने कथित तौर पर घर के पीछे स्थित कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
नाथूलाल को पुलिस ने कुएं से निकाला
नाथूलाल को कुएं में कूदता देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुएं के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस पहुंची तो लोगों ने घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले आरोपी नाथूलाल को कुएं से निकालकर उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बहू पर जादू टोने का था शक
पुलिस के अनुसार आरोपी ससुर नाथूलाल के बेटे रविशंकर पाली की साल 2019 में मौत हो गई थी और बेटे की मौत के बाद नाथूलाल को शक था कि उसकी बहू लक्ष्मी ने ही बेटे पर जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसकी मौत हुई थी। ससुर उसके बाद उसकी जान लेने की फिराक में था।