झारखंड के साहिबगंज जिले में प्यार का अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी आठ साल पुरानी शादीशुदा जिंदगी को पीछे छोड़ते हुए पत्नी नीलम की शादी उसके प्रेमी गोलू से करा दी। मामला मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के गैलेक्सी मैदान, निचला टोला का है। यहां गुरुवार को नयाटोला निवासी विनोद मंडल ने अपनी पत्नी नीलम का विवाह बाखरपुर निवासी गोलू कुमार से करा दिया। इस अनोखे विवाह को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
विनोद मंडल की शादी करीब आठ वर्ष पहले कोदरजन्ना में नीलम से हुई थी। पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी नीलम की दोस्ती इंस्टाग्राम पर गोलू कुमार से हुई। नीलम और गोलू की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की कसम खाई। विनोद मंडल को जब पता चला तो उसने पत्नी नीलम और गोलू कुमार को समझाने का कई बार प्रयास किया, लेकिन दोनों अपने फैसले पर कायम रहे। इसके बाद विनोद ने दोनों की इच्छा और आपसी सहमति को देखते हुए पत्नी की शादी गोलू से कराने का निर्णय लिया।
राजी खुशी पति ने पत्नी का कराया विवाह
गुरुवार को गैलेक्सी मैदान निचला टोला में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नीलम और गोलू का विवाह कराया गया। शादी के दौरान दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा और आपसी सहमति से शादी की है और अब साथ रहकर नया जीवन शुरू करना चाहते हैं। गोलू कुमार ने बताया कि उसके माता-पिता भी इस रिश्ते के लिए सहमत हैं। उसने कहा कि वह नीलम को अपने साथ रखेगा और दोनों मिलकर आगे का जीवन बिताएंगे।
पति के बलिदान की हो रही चर्चा
आठ साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के बाद पति विनोद ने पत्नी नीलम की उसके प्रेमी से शादी करा दी जिसकी चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे पति का असाधारण और समझदारी भरा फैसला बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए बनने वाले रिश्तों को लेकर चिंता जता रहे हैं।
(धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)