भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने रेजीनगर विधानसभा सीट से सखराव सरकार को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि नंदीग्राम जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से हासीरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। हासीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मृतक PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं।

6 मई 2026 को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुभेंदु अधिकारी के उस समय के PA चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद से बीजेपी उनकी मां हासीरानी रथ के संपर्क में थी। आखिरकार बंगाल बीजेपी ने हासीरानी रथ पर ही भरोसा जताया।

हासीरानी रथ के बारे में-

हासीरानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर के चंडीपुर इलाके के कुलुप गांव की निवासी हैं। उनकी उम्र 62 साल है। हासीरानी रथ स्थानीय स्तर की राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने पंचायत स्तर की जनप्रतिनिधि के रूप में काम किया है। शुरुआत में वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं। बाद में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तो हासीरानी भी बीजेपी में चली आईं। रथ परिवार का अधिकारी परिवार के साथ लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहा है। यह रिश्ता दो दशक से भी पुराना है। शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक उत्थान के समय से ही रथ परिवार उनके साथ रहा है। हासीरानी रथ के पति का 2024 में निधन हो गया था।

2013-18 के दौरान वे चंडीपुर पंचायत समिति में शिशु एवं नारी विकास कर्माध्यक्ष (कर्माध्यक्ष) थीं। कभी तृणमूल से जुड़ी रहीं यह नेत्री बाद में शुभेंदु अधिकारी से राजनीतिक निकटता के चलते बीजेपी में सक्रिय हुईं। दिसंबर 2020 में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तब हासीरानी रथ सहित उनका पूरा परिवार भी बीजेपी में आ गया। हालांकि, कुछ दिन पहले हासीरानी ने खुद कहा था कि वे 1998 से ही राजनीति से जुड़ी हुई हैं।

कब है दोनों सीटों पर उपचुनाव?

बता दें कि पश्चिम बंगाल की रेजिनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 सितंबर तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।

ये भी पढ़ें-

चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, लिखा- “बढ़े चलो, बढ़े चलो’; 17 साल की नौकरी थी बाकी

BRICS समिट के बाद भारत-अमेरिका की सैन्य जुगलबंदी! 700 सैनिकों के साथ युद्ध की नई तकनीक और रणनीति का अभ्यास





Source link

Write A Comment