Last Updated:
Paddy Straw Mushroom Recipe: देवघर में पुवाल मशरूम की देसी सब्जी घर पर आसानी से बनाई जा सकती है. इसे बनाने के लिए मशरूम के साथ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और रोजाना इस्तेमाल होने वाले मसालों की जरूरत होती है. पहले मशरूम को हल्का फ्राई किया जाता है. इसके बाद प्याज-टमाटर और मसालों को भूनकर मशरूम मिलाया जाता है. धीमी आंच पर पकाने से इसका स्वाद बेहतर होता है. इसे रोटी, पराठे या दाल-भात के साथ परोसा जा सकता है.
देवघर: अगर आपको भी कभी कुछ चटपटा और मसालेदार खाने का मन करे, तो इस बार होटल जाने के बजाय घर पर ही पुवाल मशरूम यानी पैडी स्ट्रॉ मशरूम की देसी सब्जी बनाकर देखिए. पुवाल मशरूम गांव-देहात में काफी पसंद किया जाता है. इसे बनाने का तरीका भी आसान है. खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और रोजाना इस्तेमाल होने वाले कुछ मसालों से इसका स्वाद बढ़िया बनाया जा सकता है. सही तरीके से पकाने पर मशरूम नरम और मसालेदार बनता है. रोटी, पराठे या दाल-भात के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
क्या कहती हैं गृहणी
47 वर्षीय गृहणी मनोरमा देवी बताती हैं कि पुवाल मशरूम बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती है. इसके लिए सबसे पहले ताजा पुवाल मशरूम लेना होता है. इसके अलावा प्याज, टमाटर और हरी मिर्च की जरूरत पड़ती है. मसालों में हल्दी, जीरा, काली मिर्च, गरम मसाला और स्वाद के अनुसार नमक इस्तेमाल किया जाता है. मनोरमा देवी के मुताबिक, मशरूम को सीधे मसाले में डालने के बजाय पहले हल्का फ्राई कर लेना चाहिए. इससे इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है. इसके बाद प्याज, टमाटर और मसालों को अच्छी तरह भूनकर इसमें मशरूम मिलाया जाता है. धीमी आंच पर पकाने से मसाला मशरूम के अंदर तक अच्छी तरह पहुंचता है. इससे सब्जी का स्वाद बढ़ जाता है.
मसालेदार पुवाल मशरूम की रेसिपी
अब बात करते हैं इसे बनाने की पूरी विधि की. सबसे पहले पुवाल मशरूम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद इसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. अब गैस पर कढ़ाई रखें. इसमें सरसों का तेल या घी डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद कटे हुए मशरूम को कढ़ाई में डालें. इसे धीरे-धीरे फ्राई करें. मशरूम में पानी की मात्रा होती है. इसलिए इसे पकने में थोड़ा समय लग सकता है. जब मशरूम अच्छी तरह फ्राई हो जाए, तो उसे कढ़ाई से निकालकर अलग रख दें. अब उसी कढ़ाई में थोड़ा तेल डालें. इसमें हरी मिर्च और बारीक कटा प्याज डालें. इसे धीमी आंच पर भूनें. जब प्याज सुनहरा होने लगे, तो इसमें हल्दी, जीरा, काली मिर्च, गरम मसाला और स्वाद के अनुसार नमक डालें. सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें.
मशरूम को अच्छी तरह पकाना जरूरी
इसके बाद बारीक कटा हुआ टमाटर डालें. मसाले को तब तक भूनें, जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाए. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तो इसमें पहले से फ्राई किया हुआ मशरूम डाल दें. मशरूम को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं. अब इसे करीब 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते रहें. इससे मसाला अच्छी तरह पक जाएगा. साथ ही मशरूम में मसाले का स्वाद भी अच्छी तरह उतर जाएगा. अब तैयार है गांव के देसी अंदाज वाला गरमा-गरम पुवाल मशरूम. इसे रोटी, पराठे या दाल-भात के साथ परोसा जा सकता है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें