Last Updated:
मूली और उसके पत्तों से बनने वाली देसी भुर्जी स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. घर में मौजूद मसालों से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. रोटी या पराठे के साथ परोसी जाने वाली यह पारंपरिक सब्जी स्वाद के साथ-साथ मूली के पत्तों को इस्तेमाल करने का भी बेहतरीन तरीका है.
पनीर की भुर्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी मूली और उसके पत्तों की भुर्जी चखी है. मूली के पत्तों से बनने वाली यह देसी भुर्जी स्वाद में बेहद स्वादिष्ट होती है. खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद मसालों से कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक इसे सभी पसंद करते हैं.
सबसे पहले बाजार से लाई गई मूली और उसके पत्तों को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें, मूली के पत्तों में अक्सर मिट्टी लगी होती है, इसलिए इन्हें अच्छी तरह धोना जरूरी है। इसके बाद मूली और पत्तों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
अब कटी हुई मूली और मूली के पत्तों को कुकर में डालें और जरूरत के अनुसार पानी डालकर गैस पर रख दें. कुकर में करीब चार सीटी आने दें, जब मूली और पत्ते अच्छी तरह नरम हो जाएं तो गैस बंद कर दें. कुकर का प्रेशर निकलने के बाद मूली और पत्तों को बाहर निकाल लें, इनका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़कर अलग कर दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें करीब दो चम्मच सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें जीरा डालें, इसके बाद बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भून लें. अब उबली हुई मूली और उसके पत्तों को कढ़ाई में डाल दें और अच्छी तरह चलाएं.
इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च और स्वाद के अनुसार नमक डालें. सभी मसालों को मूली और पत्तों के साथ अच्छी तरह मिला लें. इसे धीमी आंच पर करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं, बीच-बीच में भुर्जी को चलाते रहें, ताकि मसाले अच्छी तरह मिल जाएं.
कुछ ही देर में स्वादिष्ट मूली और मूली के पत्तों की देसी भुर्जी तैयार हो जाएगी, इसे गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. गांवों में यह सब्जी खास तौर पर बुजुर्गों को खूब पसंद आती है. खेत से ताजी मूली तोड़कर लाने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह देसी सब्जी स्वाद के साथ मूली और उसके पत्तों को भोजन में शामिल करने का आसान तरीका भी है.