Suji Appe Recipe: सुबह के नाश्ते में रोज कुछ नया बनाने की सोच हो तो अक्सर सवाल यही रहता है कि ऐसा क्या बनाया जाए जो जल्दी भी तैयार हो और घरवालों को पसंद भी आए, अगर आपके किचन में सूजी और दही मौजूद है तो स्वादिष्ट अप्पे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं. इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री या लंबे समय की तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. सूजी और दही से तैयार बैटर में अपनी पसंद की सब्जियां और हल्के मसाले मिलाकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है.

कम तेल में बने ये अप्पे बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम रहते हैं. आइए जानते हैं माही की बताई इस आसान रेसिपी को घर पर किस तरह बनाया जा सकता है.

सूजी और दही से तैयार करें बैटर
अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में एक कप सूजी और आधा कप दही लें. दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूथ बैटर तैयार करें. बैटर बहुत पतला नहीं होना चाहिए, क्योंकि सही कंसिस्टेंसी से अप्पे अच्छी तरह आकार लेते हैं. बैटर को कुछ देर के लिए रख सकते हैं ताकि सूजी दही और पानी को अच्छी तरह सोख ले, अगर रखने के बाद बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो इसमें थोड़ा पानी मिलाकर कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.

सब्जियों से बढ़ाएं स्वाद और रंग
अब तैयार बैटर में बारीक कटा प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और टमाटर मिलाएं. आप घर में मौजूद दूसरी पसंदीदा सब्जियां भी इसमें डाल सकते हैं. बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. सब्जियां डालने से अप्पे देखने में भी अच्छे लगते हैं और खाने में अलग स्वाद आता है, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च कम रख सकते हैं.

राई और करी पत्ते का तड़का देगा खास स्वाद
अप्पे का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए तड़का लगाया जा सकता है. इसके लिए एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, चुटकी भर हींग और करी पत्ते डालें. जब राई चटकने लगे और करी पत्ते से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इस तड़के को तैयार बैटर में डालकर अच्छी तरह मिला दें. इससे सूजी के अप्पे में हल्का दक्षिण भारतीय स्वाद आएगा और नाश्ता ज्यादा स्वादिष्ट लगेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

फ्रूट साल्ट से बनेंगे सॉफ्ट अप्पे
अप्पे को पकाने से ठीक पहले बैटर में एक छोटा चम्मच फ्रूट साल्ट डालें. इसके ऊपर थोड़ा पानी डालकर बैटर को हल्के हाथ से मिला दें. फ्रूट साल्ट डालने के बाद बैटर को बहुत देर तक न रखें और तुरंत अप्पे बनाना शुरू करें. यह तरीका अप्पे को हल्का और स्पंजी बनाने में मदद कर सकता है. बैटर को मिलाते समय बहुत ज्यादा जोर लगाने की जरूरत नहीं है.

अप्पे पैन में ऐसे पकाएं
अब अप्पे पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें. इसके सभी खांचों में हल्का तेल लगाएं और तैयार बैटर को चम्मच की मदद से हर खांचे में भर दें. ध्यान रखें कि खांचे को पूरी तरह ऊपर तक न भरें, क्योंकि पकने के दौरान बैटर थोड़ा फूल सकता है. पैन को ढककर धीमी से मध्यम आंच पर करीब 7 से 8 मिनट तक पकाएं. जब अप्पे नीचे से सुनहरे होने लगें और किनारे आसानी से छूटने लगें तो उन्हें पलट दें. दूसरी तरफ से भी कुछ मिनट तक पकाएं. अप्पे दोनों तरफ से हल्के सुनहरे और अच्छी तरह पके हुए दिखने लगें तो उन्हें प्लेट में निकाल लें.

चटनी के साथ परोसें गरमा-गरम अप्पे
तैयार सूजी दही अप्पे को गरमा-गरम परोसना ज्यादा अच्छा लगता है. इन्हें हरी चटनी, नारियल की चटनी या टोमैटो केचप के साथ खाया जा सकता है. सुबह के नाश्ते के अलावा इन्हें शाम की चाय के साथ भी बनाया जा सकता है.



Source link

Write A Comment