खिचड़ी रेसिपी (Khichdi Recipe): वसंत पंचमी (Basant Panchami) ऋतु परिवर्तन की शुरुआत मानी जाती है. इस दिन ज्ञान की देवी मां सरस्वती (Goddess Saraswati) की पूजा की जाती है. मां सरस्वती को पीले रंग के भोज्य पदार्थों का भोग लगाने की परंपरा है. इसके साथ ही घरों में पीले रंग की चीजें बनाई और खाई जाती हैं. वसंत पंचमी (Vasant Panchami) के लिए हम आपको आज पारंपरिक अरहर दाल खिचड़ी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं. अगर कुछ हैवी खाने के बजाय हल्का खाने का मन है तो ये आपके लिए परफेक्ट रेसिपी हो सकती है. खिचड़ी फटाफट बनने वाली सेहत के लिए फायदेमंद फूड आइटम है.
खिचड़ी बनाने के लिए सामग्री
चावल – 1 कप
अरहर (तुअर) दाल – 1/2 कप
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून
हल्दी पाउडर – 1/2 टी स्पून
राई – 1/2 टी स्पून
जीरा – 1/2 टी स्पून
अदरक पेस्ट – 1/2 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 1
हरा धनिया बारीक कटा – 1 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार
तेल
खिचड़ी बनाने की विधि
वसंत पंचमी के मौके पर पारंपरिक शैली की अरहर (तुअर) दाल खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले चावल और अरहर की दाल को लें और उन्हें अच्छे से धोकर 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें. अब एक कुकर लें और उसमें 2 टेबल स्पून तेल डालकर मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए गैस पर रख दें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें सबसे पहले राई और जीरा डाल दें. जब राई चटकने लगे तो उसमें अदरक पेस्ट डालकर भून लें. इसके बाद हरी मिर्च और सारे मसाले डालकर सभी को अच्छी तरह से भून लें.
इसे भी पढ़ें: वसंत पंचमी पर बनाएं स्वादिष्ट मीठे चावल, ये है आसान रेसिपी
इस मिश्रण में अब 3 कप पानी डाल दें. इसके बाद इसमें चावल और अरहर की दाल मिक्स कर मिला दें और 1 मिनट तक दाल-चावल को हल्का सा उबाल लें. जब पानी में हल्का उबाल आता दिखाई देने लगे तो कुकर का ढक्कन लगा दें आंच तेज कर दें. 2 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप रिलीज होने दें.
इसे भी पढ़ें: वसंत पंचमी पर मीठे में बनाएं ‘स्पेशल रवा केसरी’, ये है आसान रेसिपी
जब कुकर ठंडा हो जाए तो एक बार चेक कर लें कि खिचड़ी पूरी तरह से पक गई है या नहीं (अगर ना पकी हो तो एक सीटी और लगा दें). इस तरह आपकी पारंपरिक शैली की स्वादिष्ट अरहर दाल खिचड़ी तैयार हो चुकी है. इसे सर्व करने से पहले हरा धनिया पत्ती से गार्निश करें और दही या अचार के साथ परोसें.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Basant Panchami, Food, Food Recipe, Lifestyle