Delhi Food Outlets: कभी-कभी हमारा मन करता है कि कुछ हल्का-फुल्का खा लिया जाए, जिससे भूख कुछ कम हो जाए. अगर इस तरह का हल्का खाना अगर चटपटा हो तो मजा ही आ जाए. दिल्ली में हर इलाके में ऐसे बहुत से आइटम मिलते हैं जो हल्के-फुल्के होते हैं. इनमें आप फ्रूट चाट खा सकते हैं, चाहे तो नमकीन का एक छोटा पैकेट और जूस या कोल्ड ड्रिंक की छोटी बोतल भी पी सकते हैं. आज हम आपको एक ऐसी ही डिश खिलाने के लिए ले चल रहे हैं जिसे हम हल्का खाना (Light Food) भी मान सकते हैं और चटपटा भी. खास बात यह है कि इस आइटम को बनाने के लिए बेचने वाले ने मुंबई में जाकर ट्रेंनिंग ली. उसके बाद दिल्ली में इस फूड को बेचा तो लोग वाह-वाह करने लगे. इस लाइट फूड
का नाम है भेलपूरी और इसका ठिया नई दिल्ली की सुपर पॉश कॉलोनी में लगता है.
सुपरपॉश कॉलोनी में लगता है भेलपूरी का ठिया
चिड़ियाघर से जब हम दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड की ओर चलेंगे तो दायीं ओर सरकारी पॉश कॉलोनी काका नगर और बांयी और सुपर पॉश कॉलोनी सुंदर नगर है. इसी कॉलोनी में मार्केट के सामने के पार्क के बाहर कोने पर ठिया लगता है, जिसे ‘बॉम्बे भेलपूरी’ के नाम से जाना जाता है. चूंकि दिल्ली के वीआईपी इलाके में यह ठिया लगता है तो हम मानकर चलेंगे कि इसकी डिश में जान तो होगी ही साथ ही स्वाद भी बेमिसाल होगा. ठिए के नाम से जाहिर है कि इसकी विशेषज्ञता भेलपूरी ही है, जिसे खाने के लिए लोग खिंचे चले आते हैं.
वैसे इस ठिए पर इसके अलावा सेवपूरी भी शानदार मिलती है और आप यहां झालमूरी और बटाटापूरी का भी मजा ले सकते हैं. मर्जी आपकी. वैसे आपको बताते चलें कि इन सभी आइटम में मसाले लगभग एक जैसे ही होते हैं, बस खाने वाले सामान कुछ बदल जाते हैं. जैसे कि दूसरे आइटमों में मूंगफली के कुछ दाने व मोटे सेव और पापड़ी डाल दी जाती है.
इसे भी पढ़ें: अनोखे अमृतसरी छोले-कुलचे खाने के लिए पहुंचें पश्चिम विहार में ‘बलजीत अमृतसरी कुलचा’ पर
चटपटी भी है और स्वादिष्ट भी है भेल
ठिया बहुत ही साफ सुथरा है और सभी आइटम करीने से लगे हुए हैं. आप भेलपूरी का ऑर्डर दीजिए. इसके लिए एक छोटी सी स्टील की देगची में पहले मुरमुरे (इसे मूड़ी भी कहा जाता है) डाले जाएंगे, उसके ऊपर कटी प्याज और आलू की परत बिछाई जाएगी. इन सभी के ऊपर हल्का सा नमक छिड़का जाएगा. कुछ कच्ची केरी के टुकड़े भी छोड़े जाएंगे. फिर दो-चार पापड़ी को क्रश कर फैला दिया जाएगा. इन सभी के ऊपर आमचूर की खट्टी चटनी व खजूर की मीठी चटनी का छिड़काव होगा. स्पेशल मसाला डालकर इन सभी को चम्मच से अच्छी तरह मिला लिया जाएगा. फिर मीडियम साइज की डिस्पोजेबल प्लेट में इसे डालकर ऊपर से पतले सेव की लेयर बिछा दी जाएगी और कटे हरे धनिए से गार्निशिंग कर दी जाएगी. भेलपूरी हाजिर है.
भेलपुरी की एक प्लेट की कीमत 100 रुपए है.
अगर आप चाहते हैं कि मसला थोड़ा तीखा होना चाहिए तो हरी मिर्च की नमक वाली शुद्ध चटनी ऊपर से डाल दी जाएगी. खाकर देखिए, मजा आ जाएगा. आप जिस हल्के-फुल्के भोजन की तलाश में थे. वह हाजिर है. एक प्लेट की कीमत 100 रुपये है.
इसे भी पढ़ें: यह कांजी वड़ा आपका हाजमा दुरुस्त कर देगा, चांदनी चौक बाजार में ‘श्री श्याम कांजी कॉर्नर’ का लें स्वाद
1990 से इस कॉलोनी में लग रहा है ठिया
बाकी आइटम की कीमत भी इतनी ही है. रात तक लोग खाने के लिए चले आते हैं. वर्ष 1984 से दिल्ली में भेलपूरी बेचने के इस धंधे को भजनलाल राय ने शुरू किया था. उनकी भी एक रोचक कहानी है. दिल्ली आने से पहले उन्होंने मुंबई के जूह बीच में एक मशहूर भेलपूरी बेचने वाले की शागिर्दी की और और दो साल तजुर्बा हासिल कर राजधानी आ गए. शुरू में उन्होंने साइकिल पर दयाल सिंह कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल के बाहर भेलपूरी को बेचा. शाम को सुंदर नगर में आकर खड़े हो गए. लोगों को स्वाद इतना भाया कि उन्होंने वहीं पर ही पार्क के कोने में ठिया लगवा दिया.
यह ठिया वर्ष 1990 से जारी है. आज उनके साथ इस ठिए पर उनके बेटे नीरज राय व अमित राय भी मदद करते हैं. सबका टाइम फिक्स है, क्योंकि भेलपूरी बेचना बड़ा ही मेहनत का काम है. दोपहर 12 बजे ठिया सज जाता है और सामान्य दिनों में यहां रात 11 बजे तक रौनक रहती है. सातों दिन ठिए पर माल बेचा जाता है. नजदीकी मेट्रो स्टेशन कोई नहीं है. दो-ढाई किलोमीटर दूर प्रगति मैदान है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |