Last Updated:

Laubra Recipe in Hindi: बघेलखंड का पारंपरिक लउबरा गर्मियों में एक हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ते के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. लौकी, बेसन और सूजी से बनने वाला यह स्नैक हल्का होने के साथ-साथ पोषण से भरपूर है. टमाटर की खट्टी-मीठी चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है. अगर आप गर्मियों में कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं, तो लउबरा जरूर ट्राई करें.

शिवांक द्विवेदी, सतना: गर्मियों का मौसम आते ही जहां लोग हल्का, सुपाच्य और स्वादिष्ट नाश्ता तलाशते हैं वहीं बघेलखंड क्षेत्र का पारंपरिक व्यंजन लउबरा ऐसे में बेहतरीन विकल्प बन के सामने आता है. कम समय में तैयार होने वाला यह देसी नाश्ता न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. खास बात यह है कि जब इसे खट्टे मीठे टमाटर की चटनी के साथ परोसा जाता है तो इसका स्वाद और भी निखरकर सामने आता है. यही वजह है कि अब यह व्यंजन मेहमानों की पहली पसंद बनता जा रहा है.

बघेलखंड की रसोई से निकला खास व्यंजन

लोकल 18 से बातचीत में स्थानीय निवासी मंजू द्विवेदी बताती हैं कि बघेलखंड में गर्मियों के दौरान लौकी से बनने वाला लउबरा लगभग हर घर में बनाया जाता है. खास बात यह है कि जो लोग आमतौर पर लौकी खाना पसंद नहीं करते वे भी लउबरा को बड़े चाव से खाते हैं. यह एक ऐसा पारंपरिक स्नैक है जो स्वाद और सेहत का बेहतरीन संतुलन पेश करता है.

पौष्टिकता से भरपूर देसी नाश्ता

लउबरा की खासियत सिर्फ इसका स्वाद ही नहीं बल्कि इसकी पौष्टिकता भी है. इसमें इस्तेमाल होने वाली लौकी शरीर को ठंडक देती है और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करती है. वहीं बेसन और सूजी का मिश्रण इसे ऊर्जा से भरपूर बनाता है. हल्के मसालों के साथ तैयार यह नाश्ता गर्मी के मौसम में शरीर पर भारी नहीं पड़ता जिससे यह हर उम्र के लोगों के लिए उपयुक्त बन जाता है.

आसान विधि, कम समय में तैयार

लउबरा बनाने की विधि बेहद सरल है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता. सबसे पहले एक मीडियम साइज की ताजी लौकी को गोल स्लाइस में काट लिया जाता है. इसके बाद एक बड़े बर्तन में इन स्लाइस को रख लिया जाता है उसके साथ साथ एक कप बेसन और आधा कप सूजी मिलाकर गाढ़ा मिक्सचर तैयार किया जाता है. इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और बारीक कटी हरी धनिया मिलाई जाती है. स्वाद को और बढ़ाने के लिए अजवाइन या अदरक मिर्च का पेस्ट भी डाला जा सकता है.

इस मिश्रण को बिना अतिरिक्त पानी डाले अच्छी तरह मिलाया जाता है क्योंकि लौकी खुद ही पानी छोड़ती है. तैयार घोल में लौकी के टुकड़ों को अच्छी तरह लपेटकर कढ़ाही में मध्यम गरम तेल में डाला जाता है. इन्हें धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला जाता है जिससे अंदर से सॉफ्ट और बाहर से क्रिस्पी टेक्सचर मिलता है.

टमाटर चटनी के साथ बढ़ता स्वाद

गरमा गरम लउबरा को अगर टमाटर की चटनी या चाय के साथ परोसा जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. खट्टे मीठे स्वाद वाली चटनी इसके कुरकुरेपन के साथ बेहतरीन तालमेल बनाती है जो खाने वालों को बार बार इसे चखने पर मजबूर कर देती है. इसके अलावा इसे चाय या फिर मेन कोर्स में भी शामिल किया जा सकता है. जिसके चलते कम समय में तैयार होने वाला, स्वाद और सेहत से भरपूर लउबरा गर्मियों के लिए एक परफेक्ट देसी नाश्ता बनकर उभर रहा है.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link

Write A Comment