Last Updated:
Munga Sabji Recipe: बघेलखंड में गर्मियों के बीच पारंपरिक खानपान की वापसी देखने को मिल रही है, जहां मुनगे की सब्जी एक बार फिर लोगों की पहली पसंद बन रही है. देसी अंदाज में बनने वाली यह डिश न सिर्फ स्वाद बढ़ा रही है, बल्कि रसोई के बदलते ट्रेंड की कहानी भी बयां कर रही है. जानें रेसिपी…
Munga Sabji Recipe: गर्मियों के बढ़ते तापमान के बीच जहां लोग हल्का, पौष्टिक और शरीर को ठंडक देने वाला भोजन तलाशते हैं, ऐसे में बघेलखंड की रसोई में बनने वाले कई ऐसे डिशेज हैं, जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब हैं बल्कि पौष्टिकता के मामले में भी नेक्स्ट लेवल पर हैं. इन्हीं में से एक है बघेली स्वाद से बनी मुनगे की सब्जी. मुनगा यानी सहजन से बनी यह खास डिश इन दिनों घर-घर में पसंद की जा रही है. देसी मसालों, सरसों के तड़के और पारंपरिक तरीके से तैयार होने वाली इस सब्जी को घर के हर वर्ग के लोग चाव से खाते हैं.
सेहत और स्वाद दोनों
सहजन शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व गर्मियों में शरीर को संतुलित रखने में सहायक होते हैं. लोकल 18 से बातचीत में स्थानीय निवासी मीना द्विवेदी ने बताया कि बघेलखंड क्षेत्र में इसे मुनगे की सब्जी के नाम से जाना जाता है और इसे बनाने का तरीका बेहद आसान और पारंपरिक है, जो स्वाद को और खास बना देता है.
सब्जी की तैयारी का पहला चरण
मुनगे की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले सहजन की फलियों को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद चाकू की मदद से ऊपर का रेशेदार छिलका हटाया जाता है, ताकि पकने के बाद स्वाद बेहतर आए. साथ ही 2-3 मध्यम आकार के आलू को छीलकर मोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में सरसों का तेल गरम कर पहले आलू को सुनहरा होने तक फ्राई किया जाता है और फिर उसी तेल में सहजन की फलियों को 3-4 मिनट तक भून लिया जाता है, जिससे उनका कच्चापन खत्म हो जाता है.
देसी मसालों की खास ग्रेवी
इस सब्जी की खासियत इसका मसाला होता है जो पूरी तरह देसी अंदाज में तैयार किया जाता है. इसके लिए साबुत धनिया, सरसों, जीरा, काली मिर्च, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और एक प्याज को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लिया जाता है या फिर साबुत ही अलग काट के रख लिया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में बचे तेल में मेथी दाना, जीरा या कलौंजी का तड़का लगाया जाता है. कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूना जाता है. फिर तैयार मसाला पेस्ट डालकर उसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाया जाता है और मसाले को तब तक भुना जाता है जब तक वह तेल छोड़ने न लगे.
पकाने की प्रक्रिया
जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाता है, तब उसमें कटे टमाटर डालकर नरम होने तक पकाया जाता है. इसके बाद फ्राई किए आलू और सहजन की फलियों को मसाले में मिलाया जाता है. आवश्यकतानुसार गर्म पानी डालकर इसे ढककर धीमी आंच पर 12 से 15 मिनट तक पकाया जाता है, जिससे सब्जी पूरी तरह नरम और स्वादिष्ट बन जाती है. अंत में थोड़ा गरम मसाला और ताजा कटा हरा धनिया डालकर इसे सजाया जाता है. यह सब्जी गरमागरम रोटी, पराठा या चावल के साथ परोसी जाती है जो हर निवाले में बघेलखंड की परंपरा और देसी स्वाद का अहसास कराती है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें