Mango Safety Tips: गर्मियों का मौसम आते ही एक फल सबसे ज्यादा चर्चा में आ जाता है-आम. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसका बेसब्री से इंतजार करता है. बाजार में ढेरों किस्म के आम दिखते हैं और हर कोई चाहता है कि सबसे मीठा और अच्छा आम ही घर जाए, लेकिन आजकल एक बड़ी दिक्कत ये है कि हर आम असली तरीके से पका हुआ नहीं होता. कई जगह आम को जल्दी पकाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे वो दिखने में तो आकर्षक लगता है, लेकिन अंदर से उतना अच्छा नहीं होता. ऐसे आम खाने से शरीर पर गलत असर पड़ सकता है.
सिर दर्द, उल्टी, पेट में गड़बड़ी जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं. इसलिए जरूरी है कि आप आम खरीदते समय थोड़ा समझदारी दिखाएं. बिना देखे-समझे आम खरीदना अब सही फैसला नहीं है. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान तरीकों से आप खुद पहचान सकते हैं कि आम सही तरीके से पका है या केमिकल से. इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही आसान और काम के टिप्स बता रहे हैं, जिनसे आप खुद सही आम चुन पाएंगे.
कैसे पहचानें केमिकल से पका आम?
1. खुशबू से करें पहचान
असली पके आम की खुशबू बहुत हल्की और मीठी होती है, अगर आम में कोई तेज या अजीब गंध आ रही है, तो समझ लें कि कुछ गड़बड़ है. केमिकल से पके आम में अक्सर नेचुरल खुशबू नहीं होती.
2. रंग पर ध्यान दें
नेचुरल तरीके से पका आम एक जैसा पीला या हल्का हरा-पीला दिखता है, लेकिन केमिकल से पके आम ज्यादा चमकीले और एकदम साफ रंग के नजर आते हैं. बहुत ज्यादा चमकदार रंग वाले आम से थोड़ा सावधान रहें.
3. दाग और निशान देखें
अगर आम पर बहुत ज्यादा धब्बे, कट के निशान या काले स्पॉट दिख रहे हैं, तो यह केमिकल या इंजेक्शन से पकाया गया हो सकता है. ऐसे आम लेने से बचना बेहतर है.
4. दबाकर चेक करें
जब आप आम को हल्का सा दबाते हैं, तो नेचुरल पका आम थोड़ा सॉफ्ट लगता है, लेकिन ज्यादा गूदेदार नहीं होता. केमिकल से पके आम बहुत ज्यादा नरम या दबते ही अंदर धंसने लगते हैं.
5. बेकिंग सोडा टेस्ट
घर लाने के बाद आप एक आसान टेस्ट कर सकते हैं. आम को बेकिंग सोडा मिले पानी से धोएं, अगर धोने के बाद उसका रंग अजीब तरीके से बदलता है, तो समझ जाएं कि आम केमिकल से पका है.
केमिकल से पके आम खाने के नुकसान
केमिकल से पकाए गए आम सिर्फ स्वाद में ही नहीं, सेहत के लिए भी ठीक नहीं होते. इससे सिर दर्द, चक्कर, उल्टी, पेट दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. लंबे समय तक ऐसे फल खाने से शरीर पर और भी बुरा असर पड़ सकता है. इसलिए हमेशा कोशिश करें कि भरोसेमंद जगह से ही आम खरीदें.
आम खरीदते समय ध्यान रखने वाली बातें
-हमेशा ऐसे दुकानदार से आम लें जिस पर भरोसा हो
-बहुत सस्ते आम देखकर तुरंत न खरीदें
-मौसम की शुरुआत में ज्यादा सावधानी रखें
-घर लाकर आम को अच्छे से धोना न भूलें