Last Updated:

Dubai Style Baklava Kunafa In Jamshedpur: जमशेदपुर में दुबई की खास मिठाइयां बकलावा और कुनाफा का मजा लेना चाहते हैं तो इस स्टॉल पर जा सकते हैं. यहां आपको ढेरों वैरायटी मिलेंगी, इतनी कि आप कंफ्यूज हो जाएंगे, क्या खरीदें, क्या नहीं. बच्चे खासतौर पर यह स्टॉल बेहद पसंद कर रहे हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. इन दिनों सोशल मीडिया पर दुबई की मिठाइयां छायी हुई हैं, जिन्हें देख-देखकर लोग आकर्षित हो रहे हैं और जहां मौका मिलता है, एक बार इन्हें जरूर चखते हैं. दुबई की स्वीट्स लोगों के सिर चढ़ी हैं. खासकर बकलावा (Baklava) और कुनाफा (Kunafa) की चमक-दमक और चॉकलेटी ट्विस्ट ने हर किसी को आकर्षित किया है. पहले ये स्वाद सिर्फ दुबई की गलियों तक सीमित था, लेकिन अब इसका मजा जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भी आसानी से लिया जा सकता है.

बकलावा में क्या-क्या होता है
यहां स्टॉल चला रहे जुनैद बताते हैं कि उन्होंने इन मिठाइयों को सीधे दुबई से प्रेरित होकर तैयार किया है. बकलावा एक खास तरह की परत वाली मिठाई होती है, जिसे पतली-पतली फिलो पेस्ट्री शीट्स से बनाया जाता है. इसके बीच में पिस्ता, बादाम, अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स की भरपूर परत डाली जाती है और फिर इसे शहद या शुगर सिरप में डुबोकर तैयार किया जाता है. इसका हर बाइट करारा, जूसी और हल्की मिठास से भरा होता है.

कुनाफा सेंवई से बनती है
वहीं कुनाफा एक बिल्कुल अलग अनुभव देता है. इसे खास तरह की सेवईं से बनाया जाता है, जिसके अंदर चीज या क्रीम की भराई होती है. ऊपर से इसे शुगर सिरप में डाला जाता है और पिस्ता से सजाया जाता है. लेकिन यहां खास बात यह है कि जमशेदपुर में इसे अब चॉकलेट ट्विस्ट के साथ पेश किया जा रहा है. चॉकलेट कुनाफा में मेल्टेड चॉकलेट, न्यूटेला और क्रीम का ऐसा कॉम्बिनेशन होता है, जो बच्चों से लेकर युवाओं तक सबको खूब पसंद आ रहा है.

चॉकलेट बकलावा डिमांड में
बकलावा की भी कई किस्म यहां देखने को मिलती है – पिस्ता बकलावा, काजू बकलावा, चॉकलेट बकलावा, और यहां तक कि ड्राई फ्रूट मिक्स बकलावा भी. खास तौर पर ‘चॉकलेट बकलावा’ इन दिनों सबसे ज्यादा डिमांड में है, जिसमें पारंपरिक मिठास के साथ चॉकलेट का रिच फ्लेवर मिल जाता है.

जुनैद ने ₹750 का एक स्पेशल बॉक्स भी तैयार किया है, जिसमें अलग-अलग फ्लेवर के बकलावा और कुनाफा एक साथ मिलते हैं. यह बॉक्स न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है बल्कि गिफ्टिंग के लिए भी लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है.

लोग पसंद कर रहे हैं इंटरनेशनल फ्लेवर
जमशेदपुर जैसे शहर में दुबई के इन इंटरनेशनल फ्लेवर का मिलना लोगों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. खासकर गर्मियों की शाम में जब लोग कुछ नया और अलग ट्राय करना चाहते हैं, तो बिष्टुपुर का यह स्टॉल एक परफेक्ट जगह बन चुका है. यहां हर बाइट में दुबई की मिठास और जमशेदपुर का अपनापन साफ महसूस होता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment