Last Updated:
Restaurant Like Shahi Paneer: कई बार जब घर पर शाही पनीर बनाया जाता है तो उसमें बाजार वाला स्वाद नहीं आता और कई बार टमाटर की खटास स्वाद बिगाड़ती है. इससे छुटकारा पाने के लिए आपको बस एक छोटा सा काम करना है और आपकी सब्जी एकदम रेस्टोरेंट स्टाइल बनेगी.
कोडरमा. शाही पनीर का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. यह एक ऐसी डिश है जिसे खास मौकों, त्योहारों या मेहमानों के स्वागत के लिए बनाया जाता है. हालांकि, कई बार घर पर शाही पनीर बनाते समय स्वाद वैसा नहीं आ पाता जैसा रेस्टोरेंट में मिलता है. इसकी सबसे बड़ी वजह टमाटर की खटास होती है, जो पूरी ग्रेवी का स्वाद बिगाड़ देती है. कोडरमा की गृहिणी राधिका प्रजापति ने बताया कि अगर कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो घर पर भी बेहद स्वादिष्ट और क्रीमी शाही पनीर तैयार किया जा सकता है.
शाही पनीर के लिए ऐसे तैयार करें शाही ग्रेवी
उन्होंने बताया कि टमाटर की खटास को संतुलित करने के लिए किचन में मौजूद साधारण चीजें जैसे चीनी या शहद का इस्तेमाल बेहद कारगर साबित होता है. इससे न सिर्फ खट्टापन कम होता है बल्कि डिश का स्वाद भी शाही बन जाता है. उन्होंने बताया कि सबसे पहले टमाटर, प्याज और हरी मिर्च को काट लें और काजू के साथ धीमी आंच पर हल्का भून लें. इसके बाद इन्हें ठंडा करके मिक्सर में पीसकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें. यह पेस्ट ही शाही पनीर की ग्रेवी का बेस होता है.
मसाले को हल्की आंच पर पकाने पर बढ़ेगा स्वाद
अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. इसके बाद कटा हुआ प्याज, शिमला मिर्च, थोड़ी सी मटर और कसूरी मेथी डालकर अच्छे से भूनें. जब सब्जियां हल्की सुनहरी हो जाएं, तब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर एक मिनट तक पकाएं. इससे डिश में खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ते हैं. उन्होंने बताया कि इसके बाद तैयार किया गया टमाटर-काजू का पेस्ट कढ़ाई में डाल दें और इसे अच्छे से मिलाएं. अब इसमें स्वादानुसार नमक, हल्दी और पनीर मसाला डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें दो चम्मच दही डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें.
खटास को दूर करने के लिए अंत में डालें चुटकी भर चीनी
उन्होंने बताया कि जब ग्रेवी पूरी तरह पक जाए, तब इसमें कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें. अब सबसे अहम स्टेप आता है टमाटर की खटास को संतुलित करना. इसके लिए चुटकी भर चीनी इसमें मिलाने से ग्रेवी का स्वाद संतुलित हो जाता है और हल्की मिठास शाही पनीर को और भी लाजवाब बना देती है. उन्होंने कहा कि अंत में इस डिश को धीमी आंच पर 5 से 10 मिनट तक पकाएं ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं. तैयार शाही पनीर को हरे धनिया से सजाकर गरमागरम परोसें.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें