Last Updated:
Lemon Plant Care: नींबू के पौधे को सही समय पर सही पोषण देना बहुत जरूरी है. कलियों के समय सीवीड खाद देने से फूल झड़ते नहीं हैं. कैल्शियम और फास्फोरस से फल मजबूत और रसीले बनते हैं. नीम की खली पौधे को कीड़ों और फंगस से बचाती है. सही समय और सही तरीके से खाद देने से पौधा गुच्छों में नींबू देता है.
नींबू पौधा देखभाल टिप्स
Lemon Plant Care: घर में नींबू का पौधा लगाना आजकल हर किसी को पसंद है. छत हो या बालकनी, लोग बड़े शौक से इसे लगाते हैं क्योंकि नींबू एक ऐसा फल है जो रोजमर्रा के खाने में भी काम आता है और सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि पौधे में फूल तो बहुत आते हैं, लेकिन फल बनने से पहले ही झड़ जाते हैं या फिर नींबू छोटे और सूखे निकलते हैं. कई बार लोग इसे किस्मत या मौसम की गलती मान लेते हैं, लेकिन असल वजह पौधे को सही पोषण न मिलना होती है. जैसे इंसान को अलग अलग समय पर अलग पोषक तत्व चाहिए होते हैं, वैसे ही नींबू के पौधे को भी हर स्टेज पर अलग न्यूट्रिशन की जरूरत होती है.
अगर सही समय पर सही चीज दी जाए, तो आपका पौधा भी गुच्छों में नींबू देने लगेगा. गार्डनिंग एक्सपर्ट और माली द्वारा बताया गया यह आसान न्यूट्रीशन चार्ट आपके पौधे की पूरी ग्रोथ बदल सकता है. इसमें बताया गया है कि कब कौन सी खाद डालनी है, कैसे डालनी है और किन बातों का ध्यान रखना है ताकि फल झड़ें नहीं बल्कि रसीले और चमकदार बनें. आइए जानते हैं इस आसान और असरदार तरीके के बारे में.
कलियां आते ही दें सही पोषण
जब नींबू के पौधे में छोटी छोटी कलियां दिखने लगती हैं, तभी से उसका खास ख्याल रखना शुरू कर देना चाहिए. इस समय पौधे को माइक्रो न्यूट्रिएंट्स की जरूरत होती है. इसके लिए सीवीड लिक्विड खाद सबसे अच्छा माना जाता है. एक लीटर पानी में करीब 3 ml सीवीड मिलाकर इसे जड़ों में डालें. यह कलियों को मजबूती देता है और उन्हें झड़ने से बचाता है. अगर यह स्टेप सही से किया जाए, तो पौधे में ज्यादा फूल टिकते हैं और आगे चलकर फल बनने की संभावना बढ़ जाती है.
कैल्शियम से पौधे को बनाएं मजबूत
नींबू के पौधे के लिए कैल्शियम बहुत जरूरी होता है. अगर इसकी कमी हो जाए, तो फल बनने से पहले गिरने लगते हैं या फिर उनका छिलका कमजोर हो जाता है. इसके लिए आप घर में बचे अंडे के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें सुखाकर पीस लें और महीने में एक बार एक चम्मच मिट्टी में मिला दें. इससे पौधे की जड़ें मजबूत होती हैं और फल अच्छे से विकसित होते हैं.
नीम की खली से कीड़ों से बचाव
जब पौधे में छोटे छोटे नींबू दिखने लगते हैं, तब उन पर कीड़े और फंगस का खतरा बढ़ जाता है. इस समय नीम की खली बहुत काम आती है. एक चम्मच नीम की खली को पानी में मिलाकर रात भर छोड़ दें और अगले दिन इसे पौधे की मिट्टी में डाल दें. यह मिट्टी को साफ रखती है और जड़ों को मजबूत बनाती है, जिससे पौधा हेल्दी रहता है.
फलों को रसीला बनाने का आसान तरीका
अगर आप चाहते हैं कि आपके नींबू बड़े और रस से भरे हों, तो फास्फोरस बहुत जरूरी है. इसके लिए सिंगल सुपर फास्फेट का इस्तेमाल किया जाता है. महीने में एक बार एक से डेढ़ चम्मच यह खाद जड़ों के पास डालें. इससे जड़ें मजबूत होती हैं और फल का साइज और क्वालिटी दोनों बेहतर हो जाते हैं.
खाद देने का सही समय और तरीका
एक बहुत जरूरी बात जो अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, वह है खाद देने का सही तरीका. कभी भी सभी खादों को एक साथ न डालें. हर पोषक तत्व को अपना असर दिखाने के लिए समय चाहिए होता है. अगर आपने आज कैल्शियम दिया है, तो फास्फोरस कम से कम एक हफ्ते बाद दें. इससे पौधे को हर न्यूट्रिएंट का पूरा फायदा मिलता है और ग्रोथ बेहतर होती है.
View this post on Instagram