अगर आप AC चलाते समय हमेशा Cool Mode ही चुनते हैं, तो शायद आप एक काम का फीचर मिस कर रहे हैं. आजकल लगभग हर स्प्लिट AC में Auto Mode दिया जाता है, लेकिन ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल नहीं करते. जबकि बदलते मौसम में यही मोड सबसे ज्यादा काम आता है.
गर्मी से मानसून की ओर बढ़ते मौसम में कभी तेज धूप होती है तो कभी उमस बढ़ जाती है. ऐसे में बार-बार रिमोट उठाकर सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि Auto Mode यह काम खुद कर देता है.
AC का Auto Mode कैसे काम करता है?
- ऑटो मोड कोई एक फिक्स सेटिंग नहीं है. AC लगातार कमरे का तापमान और नमी (Humidity) चेक करता रहता है और उसी हिसाब से अपना काम बदलता है.
- अगर कमरा ज्यादा गर्म है तो AC कूलिंग बढ़ा देता है.
- अगर तापमान ठीक है लेकिन नमी ज्यादा है तो यह हवा से नमी कम करने पर फोकस करता है.
- जरूरत पड़ने पर सिर्फ फैन भी चलाता है ताकि कमरे का माहौल आरामदायक बना रहे.
यानी आपको Cool और Dry Mode के बीच बार-बार स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ती.
गर्मियों में क्यों है फायदेमंद?
कई लोग AC को Cool Mode पर सेट करके छोड़ देते हैं. इससे कंप्रेसर लगातार चलता रहता है, चाहे कमरा पहले से ठंडा ही क्यों न हो.
Auto Mode में ऐसा नहीं होता.
जैसे ही कमरा तय तापमान पर पहुंचता है, AC अपनी कूलिंग कम कर देता है और जरूरत पड़ने पर ही दोबारा पूरी क्षमता से काम करता है.
इससे:
- बिजली की खपत कम हो सकती है.
- कंप्रेसर पर गैरजरूरी दबाव नहीं पड़ता.
- कमरे का तापमान एक जैसा बना रहता है.
- मानसून में और भी ज्यादा काम आता है.
- बारिश के मौसम में सबसे बड़ी परेशानी गर्मी नहीं, बल्कि उमस होती है.
ऐसे में अगर आप सिर्फ Cool Mode इस्तेमाल करते हैं तो कमरा जरूरत से ज्यादा ठंडा हो सकता है, लेकिन चिपचिपाहट पूरी तरह खत्म नहीं होती. Auto Mode नमी को पहचानकर हवा को ड्राई करने पर ज्यादा ध्यान देता है. इससे कमरा आरामदायक रहता है और ऐसा नहीं लगता कि जुलाई में भी कंबल ओढ़ना पड़ रहा है.
क्या हमेशा Auto Mode ही इस्तेमाल करना चाहिए?
ज्यादातर दिनों में इसका जवाब हां है. जून से सितंबर के बीच मौसम तेजी से बदलता रहता है. कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश और उमस. ऑटो मोड इन बदलावों के हिसाब से खुद को एडजस्ट करता रहता है.
साथ ही, ये कंप्रेसर को जरूरत के हिसाब से चलाता है, जिससे बिजली की खपत भी कम हो सकती है और AC पर ज्यादा दबाव भी नहीं पड़ता.
कब Manual Cool Mode बेहतर रहेगा?
अगर बाहर भीषण लू चल रही हो और कमरा बहुत ज्यादा गर्म हो गया हो, तब Manual Cool Mode ज्यादा तेजी से कमरे को ठंडा कर सकता है. ऐसी स्थिति में आप शुरुआत में कूल मोड इस्तेमाल कर सकते हैं और कमरा आरामदायक होने के बाद ऑटो मोड पर स्विच कर सकते हैं.
ऑटो मोड सिर्फ एक अडिशनल फीचर नहीं, बल्कि स्मार्ट कूलिंग सिस्टम है. ये कमरे के टेम्प्रेचर और नमी के हिसाब से खुद फैसला लेता है कि कब ज्यादा कूलिंग करनी है और कब नमी कम करनी है.
अगर आप बिना बार-बार सेटिंग बदले आरामदायक माहौल चाहते हैं और बिजली की खपत भी कम रखना चाहते हैं, तो ऑटो मोड आपके AC का सबसे काम का ऑप्शन साबित हो सकता है.