Last Updated:

Panna recipe with pudina saunf : गर्मी अपने चरम पर है. दोपहर की तेज धूप और लू लोगों का हाल बेहाल कर रही है. ऐसे मौसम में हर कोई कुछ ऐसा पीना चाहता है, जो शरीर को तुरंत ठंडक दे और दिनभर तरोताजा रखे. बाजार की कोल्ड ड्रिंक भले कुछ देर राहत दे दें, लेकिन देसी स्वाद और सेहत का असली मजा तो आम पन्ना में ही है. अब इस पारंपरिक ड्रिंक में पुदीना और सौंफ का ट्विस्ट जुड़ जाए, तो बात ही अलग हो जाती है. प्रयागराज के एक्सपर्ट डॉ सुधीर कुमार ने कुछ चीजें बताई हैं.

इन दिनों पुदीना-सौंफ आम पन्ना लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. कच्चे आम की खटास, पुदीने की ताजगी और सौंफ की ठंडी तासीर इसे गर्मियों का परफेक्ट देसी कूलर बना रही है. खास बात यह है कि इसे घर में बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसे पीने से शरीर हाइड्रेटेड भी रहता है.

इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2-3 कच्चे आम को धोकर प्रेशर कुकर में उबाल लें. जब आम नरम हो जाए, तो उसका छिलका हटाकर गूदा निकाल लें. अब मिक्सी में एक कप ताजा पुदीना, 2 चम्मच भीगी या पिसी हुई सौंफ और थोड़ा पानी डालकर पेस्ट तैयार करें. इसके बाद इसमें आम का गूदा, काला नमक, भुना जीरा, थोड़ा सफेद नमक और स्वादानुसार चीनी या मिश्री डालकर अच्छे से ब्लेंड करें.

तैयार मिश्रण को बड़े जग में निकालें और उसमें ठंडा पानी मिलाएं. ऊपर से बर्फ डालकर सर्व करें. चाहें तो इसे कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में कई दिनों तक स्टोर भी किया जा सकता है. जब मन करे, बस थोड़ा मिश्रण पानी में मिलाइए और ठंडा-ठंडा आम पन्ना तैयार.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सोशल मीडिया और फूड कम्युनिटी में भी आम पन्ना को लेकर लोगों का क्रेज खूब देखने को मिल रहा है. कई यूजर्स इसे “गर्मी का सबसे बेस्ट ड्रिंक” बता रहे हैं. कुछ लोग इसमें गुड़ मिलाकर हेल्दी ट्विस्ट भी दे रहे हैं.

अगर आप भी इस गर्मी लू और डिहाइड्रेशन से बचना चाहते हैं, तो इस बार घर में पुदीना-सौंफ वाला आम पन्ना जरूर ट्राई करें. देसी स्वाद के साथ यह शरीर को अंदर से ठंडक देने का काम करेगा.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment